सीएफओ के सूने आवास का ताला तोड़कर चोरों ने नगदी व जेवरात किये पार, पुलिस जांच में जुटी

कोरबा, 23 अक्टूबर। कटघोरा के कसनिया में स्थित वन विभाग के एक अधिकारी के सूने मकान का ताला तोडकर अज्ञात चोरों ने 15 हजार रुपए नगद व सोने-चांदी की जेवरातों को पार कर दिया। वन अधिकारी की रिपोर्ट पर कटघोरा पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला पंजीबद्ध कर तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार शारदा प्रसाद शर्मा वन परिक्षेत्र सहायक (सीएफओ) के पद पर कटघोरा वनमंडल अंतर्गत केंदई रेंज के सिरमिना सर्किल में पदस्थ हैं तथा कसनिया क्षेत्र में स्थित विभागीय आवास पर परिवार समेत निवास करते हैं। बताया जाता है कि श्री शर्मा गत 19 अक्टूबर की रात अपने ड्यूटी पर सिरमिना चले गए थे जबकि उनका परिवार भी दशहरा मनाने पेण्ड्रा गया हुआ था, घर सूना था। इसका फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने ताला तोड़ा और वहां प्रवेश कर आलमारी में रखे सोने के मंगलसूत्र, चांदी का कड़ा समेत अन्य जेवरात व 15 हजार रुपए नगदी समेत 50 हजार रुपए का सामान ले उड़े।

घर में चोरी की जानकारी 20 अक्टूबर की सुबह तब हुई जब पड़ोसी ने मकान का ताला टूटा देखा और इसकी सूचना मकान मालिक शारदा शर्मा को दी। जिस पर वे अपने आवास पहुंचे और अंदर जाकर देखा तो सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था तथा आलमारी में रखे जेवरात व नगद गायब थे। तत्काल इसकी सूचना कटघोरा थाना प्रभारी को दी गई, जिस पर उसने मौके पर पहुंचकर जांच की और अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला पंजीबद्ध कर तलाश शुरू कर दी है।

Spread the word