एसईसीएल कालोनी में चोरों का धावा, आभूषण और नगदी सामान पार

कोरबा, 19 अक्टूबर। एसईसीएल कॉलोनी में 17 और 18 अक्टूबर की दरम्यानी रात चोरों ने एक आवास को निशाना बनाया और वहां से लाखों रुपये के आभूषण और नकदी पार कर दिया।

जानकारी के अनुसार, उक्त मकान एसईसीएल के सेवानिवृत्त कर्मचारी कमल राव का बताया जा रहा है। सेवानिवृत्ति के बाद वे बिलासपुर में अपना मकान बनवा रहे थे। इसी वजह से कोरबा स्थित डी-3 मकान को देखरेख के लिए नौकरानी के भरोसे छोड़ दिया गया था। मकान की देखभाल करने वाली महिला नौकरानी वहां रह रही थी। इसी दौरान चोरों ने मकान को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। मानिकपुर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने बताया कि इस आवास में चोरी होने की शिकायत मिली है। इसकी जांच की जा रही है। फिलहाल चोरी हुए आभूषणों और नकदी की वास्तविक कीमत का पता नहीं चल पाया है।

मकान मालिक के परिजनों के पहुंचने और सामान का मिलान करने के बाद ही चोरी गए जेवरात तथा नकदी की सही जानकारी सामने आ सकेगी। इससे पहले भी मानिकपुर और अन्य क्षेत्रों में इसी अंदाज में चोरी की घटनाएं हुई हैं। इससे समझा जाता है कि चोर गिरोह को जानकारी है कि कौन-कौन से आवास नौकरों के भरोसे है।

Spread the word