विजयादशमी से एक पखवाड़े तक जलेंगे दशानन के पुतले, हो रही तैयारियां

कोरबा, 19 अक्टूबर। आश्विन शुक्ल दशमी को विजयादशमी का पर्व मनाने की परंपरा है। सत्य, धर्म और न्याय की जीत का यह पर्व त्रेता युग में श्रीराम की लंका विजय से जुड़ा हुआ है। सामान्य तौर पर विजयादशमी इसी तिथि को मनाने की व्यवस्था है लेकिन कोरबा जिले में रावण के पुतले कोई एक दिन नहीं बल्कि पूरे एक पखवाड़े तक जलते हैं।
पिछले कई दशक से यह ट्रेंड लोगों ने अपनी सुविधा और सहूलियत के हिसाब से बना रखा है जो अब तक जारी है। हालांकि कोरबा शहर के डॉ. राजेंद्र प्रसाद नगर, फेस-2 एमपी नगर, बुधवारी बाजार, पुराना बस स्टैंड और एचटीपीएस दर्री, बांकीमोंगरा, कुसमुंडा में मंगलवार को ही रावण दहन होगा। जबकि एसईसीएल एसबीएस कालोनी में रावण दहन बुधवार को होगा। अन्य क्षेत्रों में इसके लिए अलग-अलग शेड्यूल बनाया गया है। तर्क है कि हमारे क्षेत्र में भी भीड़ दिखना चाहिए, इसलिए यह प्रयोग जरूरी है।
