बांकीमोंगरा के ग्राम भेजीनारा में 15 फीट तक जमीन धसी, ग्रामीणों में दहशत

कोरबा, 19 अक्टूबर। बांकीमोंगरा क्षेत्र के ग्राम भेजीनारा में एसईसीएल की ढेलवाडीह परियोजना अंतर्गत सिंघाली भूमिगत खदान के समीप जमीन धंसने की घटना सामने आई है। घटनास्थल पर जमीन के भीतर गहरा गड्ढा बन गया है। इससे आसपास रहने वाले ग्रामीणों में चिंता का माहौल है। ग्रामीणों का दावा है कि गड्ढे की गहराई 15 फीट से अधिक है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

बताया जा रहा है कि घटनास्थल पर झाडियों और घास के बीच गड्ढा बना हुआ है। वनस्पति से ढके होने के कारण वहां से गुजरने वाले लोगों को इसकी गहराई और वास्तविक स्थिति का आसानी से अंदाजा नहीं लग सकता। ऐसे में ग्रामीणों और मवेशियों के गड्ढे में गिरने का खतरा बना हुआ है। भूमिगत खदान के आसपास जमीन धंसने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि खदान क्षेत्र के आसपास जमीन धंसने की घटना को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। यदि गड्ढे को खुला छोड़ दिया गया और वहां सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए गए, तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

ग्रामीणों ने एसईसीएल प्रबंधन से घटनास्थल का तत्काल निरीक्षण कराने और जमीन धंसने के कारणों की जांच करने की मांग की है। इसके साथ ही खतरनाक स्थान की घेराबंदी करने, चेतावनी बोर्ड लगाने तथा आसपास के लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की जरूरत बताई गई है। फिलहाल गड्ढे की वास्तविक गहराई और जमीन धंसने के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अब देखना होगा कि एसईसीएल प्रबंधन और संबंधित अधिकारी मामले में कितनी तत्परता से कार्रवाई करते हैं।

Spread the word