साहिल वाकोडे की मौत का मामला: पुलिस ने IIT बॉम्बे के 22 प्रर्शनकारी छात्रों को हिरासत में लिया

मुंबई। बॉम्बे आईआईटी के छात्र साहिल वाकोडे की मौत के मामले में न्याय की मांग को लेकर जारी विरोध प्रदर्शन के बीच पुलिस ने रविवार को संस्थान परिसर से 22 छात्रों को हिरासत में ले लिया। छात्र संगठनों ने बताया कि हिरासत में लिए गए छात्रों में आठ ऐसे छात्र भी शामिल हैं, जिन्हें कथित तौर पर एक ही दिन में दो बार हिरासत में लिया गया। प्रदर्शनकारियों और छात्र संगठनों ने आरोप लगाया है कि कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बल प्रयोग किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों पर छात्रों के कपड़े फाड़ने, लात मारने और गला दबाने के आरोप भी लगाए।
छात्र संगठनों के अनुसार, हिरासत में लिए गए सभी छात्रों को पवई पुलिस थाने ले जाया गया। पुलिस और आईआईटी बांबे प्रशासन ने हिरासत में लिए गए छात्रों की संख्या और बल प्रयोग के आरोपों के संबंध में अभी तक कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। छात्र पिछले एक महीने से पवई इलाके में संस्थान के प्रवेश द्वारों के पास प्रदर्शन कर रहे हैं। छात्र 22 वर्षीय साहिल वाकोडे की मौत के मामले में जातिगत भेदभाव और संस्थागत उदासीनता के आरोप लगाते हुए न्याय की मांग कर रहे हैं।
