पुलिस की दो बड़ी कार्रवाई: नाबालिग से दुष्कर्म और छेड़छाड़ का आरोपी गिरफ्तार, 8 लीटर महुआ शराब जब्त

कोरबा। महिला एवं बाल अपराधों के साथ-साथ अवैध शराब के खिलाफ कोरबा पुलिस का अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक व नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में थाना उरगा पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
नाबालिग से दुष्कर्म और छेड़छाड़ का आरोपी गिरफ्तार
उरगा थाने में एक व्यक्ति ने अपनी नाबालिग बेटी के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, बालिका 19 सितंबर 2026 को सुबह करीब 9:30 बजे स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन स्कूल नहीं पहुंची। परिजनों को किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका थी। मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 520/2026 के तहत धारा 137(2) बीएनएस में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने बालिका को सकुशल दस्तयाब कर लिया। इसके बाद बालिका द्वारा बाल कल्याण समिति (CWC) और न्यायालय के समक्ष दिए गए कथनों में आरोपी द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने, छेड़छाड़ करने और पूर्व में दुष्कर्म किए जाने की बात सामने आई।
इसके आधार पर मामले में धारा 65(1), 74 बीएनएस और पॉक्सो एक्ट की धारा 4 एवं 8 जोड़ी गई। पुलिस ने आरोपी मुकेश यादव (19), निवासी धंवईपुर, थाना कटघोरा, जिला कोरबा को 6 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार किया। आरोपी को विशेष न्यायालय (FTSC) कोरबा में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
8 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ आरोपी पकड़ा गया
दूसरी कार्रवाई में उरगा पुलिस की पेट्रोलिंग टीम को 5 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि दर्राभाठा पानी टंकी के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब बेच रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने स्वतंत्र गवाहों के साथ मौके पर घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अजीत खुटे (43), निवासी खोडडल, थाना उरगा बताया। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद बाजारू थैले से पारदर्शी पन्नी में रखी करीब 8 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई।
शराब रखने और बिक्री के संबंध में आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 551/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी अधिनियम में कार्रवाई की। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे भी न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
महिला-बाल अपराध और अवैध कारोबार पर पुलिस की नजर
कोरबा पुलिस का कहना है कि महिला एवं बच्चों से जुड़े गंभीर अपराधों में संलिप्त आरोपियों तथा अवैध शराब और मादक पदार्थों का कारोबार करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे मामलों में आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
