रेलवे स्टेशन पर गर्भवती महिला से पति ने की मारपीटः वीडियो वायरल, आरपीएफ ने शुरू की जांच

कोरबा 30 सितंबर। कोरबा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर एक गर्भवती महिला के साथ कथित मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में एक व्यक्ति अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता दिखाई दे रहा है। घटना के दौरान ड्यूटी पर तैनात रेलवे कर्मचारी ने बीच-बचाव कर महिला को वहां से सुरक्षित हटाया।वीडियो सामने आने के बाद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी दोनों रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर बैठे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद पति ने अपनी गर्भवती पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी। वायरल वीडियो में महिला खुद को बचाने का प्रयास करती दिखाई दे रही है, जबकि उसका पति उसके साथ मारपीट करता नजर आ रहा है। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों का ध्यान भी इस ओर गया।

मारपीट की स्थिति देखकर ड्यूटी पर तैनात एक रेलवे कर्मचारी ने तत्काल हस्तक्षेप किया और महिला को उसके पति से अलग कराया। इसके बाद मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने भी विरोध करते हुए स्थिति को संभालने की कोशिश की। पूरी घटना को वहां मौजूद एक यात्री ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। यही वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद आरपीएफ ने मामले का संज्ञान लिया है। अधिकारियों के मुताबिक, वायरल वीडियो के आधार पर घटना की जांच की जा रही है। प्लेटफॉर्म पर मौजूद रेलवे कर्मचारियों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटा रही है। साथ ही महिला और उसके पति की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

फिलहाल महिला और उसके पति की पहचान सार्वजनिक नहीं हुई है। विवाद किस वजह से शुरू हुआ और मारपीट की घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या था, इसकी जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। आरपीएफ के अनुसार, जांच में सामने आने वाले तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Spread the word