नान DM 22 हजार रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार: 11 लाख के बकाया भुगतान के बदले मांगी थी रकम, ACB ने रंगे हाथ पकड़ा

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर में सरगुजा ACB की टीम ने नागरिक आपूर्ति निगम (नान) के DM विद्यासागर गोपाल को 22 हजार रुपए की कथित रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोप है कि एक ट्रांसपोर्टर से करीब 11 लाख रुपए के बकाया भुगतान के बदले रिश्वत की मांग की गई थी। ACB ने यह कार्रवाई कलेक्टोरेट परिसर स्थित नागरिक आपूर्ति निगम के कार्यालय में की।
11 लाख के भुगतान के बदले रिश्वत मांगने की शिकायत
जानकारी के मुताबिक, अंबिकापुर निवासी ट्रांसपोर्टर शिवराज सिंह ने सरगुजा ACB में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि नागरिक आपूर्ति निगम में उसके करीब 11 लाख रुपए के बकाया भुगतान को लेकर रिश्वत की मांग की जा रही है।
शिकायत का सत्यापन करने के बाद ACB ने कार्रवाई की योजना बनाई। मंगलवार को TI शरद सिंह के नेतृत्व में सरगुजा ACB की टीम बलरामपुर पहुंची।
केमिकल लगे नोट लेकर कार्यालय पहुंचा ट्रांसपोर्टर
ACB की योजना के तहत शिकायतकर्ता ट्रांसपोर्टर को केमिकल लगे नोट दिए गए। इसके बाद उसे कलेक्टोरेट परिसर स्थित नागरिक आपूर्ति निगम के कार्यालय भेजा गया।
बताया गया कि कार्यालय में ट्रांसपोर्टर ने नान के DM विद्यासागर गोपाल को 22 हजार रुपए दिए। रकम देने के बाद शिकायतकर्ता ने ACB टीम को पूर्व निर्धारित संकेत दिया।
रिश्वत की रकम जब्त, DM गिरफ्तार
संकेत मिलते ही ACB की टीम तत्काल कार्यालय पहुंची। टीम ने DM विद्यासागर गोपाल के पास से 22 हजार रुपए की कथित रिश्वत की रकम जब्त कर ली। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
ACB की टीम आरोपी DM को रेस्ट हाउस लेकर पहुंची, जहां आगे की कार्रवाई और पूछताछ की जा रही है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
ACB की कार्रवाई से विभाग में हड़कंप
नागरिक आपूर्ति निगम के कार्यालय में ACB की कार्रवाई के बाद विभाग में हड़कंप की स्थिति है। फिलहाल ACB की ओर से मामले में आगे की जांच की जा रही है और रिश्वत से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।
