सिगरेट को लेकर विवाद: युवक को लात-घूंसों से पीटा, पत्थर से सिर पर हमला, CCTV में कैद हुई पूरी घटना

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा में देर रात पान ठेले पर सिगरेट और सामान लेने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मानिकपुर चौकी क्षेत्र के कृष्णा नगर बस्ती में तीन युवकों पर दो युवकों से मारपीट करने का आरोप है। घटना पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। मारपीट में राहुल शांडिल्य गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पान ठेले पर सिगरेट मांगने को लेकर शुरू हुआ विवाद
CSP प्रतीक चतुर्वेदी के मुताबिक, कृष्णा नगर में देर रात खुले पान ठेले पर सिगरेट और सामान लेने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। बताया गया कि SBS कॉलोनी निवासी राहुल शांडिल्य अपने साथी दक्ष निराला के साथ बाइक से किसी काम से गया था। लौटते समय दोनों कृष्णा नगर के पान ठेले पर रुके और सामान मांगा।
इसी दौरान तरुण साहू, देवेंद्र सिंह और लाला नामक युवक भी वहां पहुंचे और सिगरेट मांगने लगे। सामान देने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई।
तीन युवकों ने युवक को सड़क पर पटककर पीटा
विवाद बढ़ने के बाद आरोप है कि तरुण साहू, देवेंद्र सिंह और लाला ने राहुल शांडिल्य और दक्ष निराला के साथ मारपीट शुरू कर दी। CCTV फुटेज में तीन युवकों द्वारा राहुल को लात-घूंसों से पीटकर सड़क पर गिराते हुए दिखाई देने की बात सामने आई है।
आरोप है कि मारपीट के दौरान पत्थर से राहुल के सिर पर हमला करने की कोशिश भी की गई। घटना के दौरान पान ठेला संचालक मौके पर मौजूद था और पूरा घटनाक्रम देखता रहा।
गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती
मारपीट के बाद राहुल सड़क पर गंभीर हालत में पड़ा रहा। बाद में उसके दोस्त मौके पर पहुंचे और उसे निजी अस्पताल लेकर गए। वहां उसका इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि उसकी हालत गंभीर है।
पुलिस ने दर्ज किया केस, CCTV फुटेज की जांच
CSP प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि मामले में एक पक्ष की ओर से राहुल शांडिल्य और दक्ष निराला हैं, जबकि दूसरे पक्ष में तरुण साहू, देवेंद्र सिंह और लाला नामक युवक बताए गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। CCTV फुटेज समेत अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर घटना की जांच की जा रही है।
देर रात तक खुले पान ठेलों पर उठे सवाल
घटना के बाद कृष्णा नगर समेत शहर के उन इलाकों में देर रात तक संचालित होने वाले पान ठेलों और दुकानों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि देर रात तक सिगरेट, गुटखा, डिस्पोजल और चखना जैसी सामग्री की बिक्री होने से ऐसे स्थानों पर विवाद की स्थिति बन सकती है। वहीं, देर रात तक खुलने वाली दुकानों की निगरानी को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है।
