सेवा संकल्प अभियानः मड़वा काॅलोनी परिसर में साफ-सफाई कर दिया गया स्वच्छता का संदेश

जांजगीर 24 सितंबर 2026- सेवा, सहयोग और जनभागीदारी की भावना को सशक्त बनाने के उद्देश्य से प्रदेशभर में सेवा संकल्प अभियान जारी है। इस अभियान के अंतर्गत अटल बिहारी वाजपेयी ताप विद्युत गृह संयंत्र (एबीवीटीपीएस) मड़वा में गुरूवार को काॅलोनी परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया।

विद्युत संयंत्र के मुख्य अभियंता श्री रजनीश जांगड़े की अगुवाई में अतिरिक्त मुख्य अभियंता आलोक लकरा, मुख्य रसायनज्ञ समेत वरिष्ठ अधिकारियों एव कर्मचारियों ने अपने हाथों में झाड़ू थामकर काॅलोनी परिसरों की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। अभियान के दौरान आवासीय परिसर पैरी विहार एवं आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई की गई। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए परिसर से कचरा एवं अनुपयोगी सामग्री हटाई और स्वच्छता का संदेश दिया। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस पहल में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सहभागिता ने “स्वच्छ परिसर, स्वस्थ समाज” की भावना को मजबूत किया।

कार्यक्रम का समन्वय सिविल विभाग द्वारा किया गया। कार्यक्रम में अधीक्षण अभियंता योगेश पाटिये, अनिल श्रीवास्तव, एन. साहा,संतोष जायसवाल, अरूण गुप्ता, आरएन पटेल, वरिष्ठ अग्निशमन अधिकारी एमके. रायकवार, वरिष्ठ कल्याण अधिकारी राजेंद्र सिंह टेकाम, सहायक प्रबंधक (पर्यावरण) संजय झा सहित अधिकारी-कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
