कोरबा के प्रथम पीपल-वट उद्यान में उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने किया वृक्षारोपण

पीपल-वट उद्यान को हराभरा एवं आकर्षक बनाने के साथ बच्चों के लिए मनोरंजन सुविधाएं विकसित करने पर दिया जोर

कोरबा, 22 सितंबर 2026/ कोरबा जिले के प्रभारी मंत्री एवं छत्तीसगढ़ शासन के उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने आज कोहड़िया स्थित कोरबा के प्रथम पीपल-वट उद्यान में वृक्षारोपण किया। उन्होंने उद्यान को निरंतर विकसित करते हुए हरा-भरा और सुंदर बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यह उद्यान नागरिकों के लिए प्राकृतिक वातावरण में समय बिताने का बेहतर स्थान बने तथा यहां आने वाले लोगों को पेड़-पौधों की छाया के साथ बच्चों के लिए मनोरंजन एवं खेलकूद की सुविधाएं भी मिलें।

उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि पीपल-वट उद्यान को व्यवस्थित एवं आकर्षक स्वरूप दिया जाए। यहां अधिक से अधिक पौधों का रोपण कर हरित क्षेत्र का विस्तार किया जाए, ताकि आने वाले वर्षों में विकसित पेड़-पौधे नागरिकों को शीतल छाया और स्वच्छ वातावरण प्रदान कर सकें। उन्होंने उद्यान में बच्चों के लिए आवश्यक मनोरंजन एवं खेलकूद के साधन विकसित करने की आवश्यकता भी बताई।

इस अवसर पर वाणिज्य, उद्योग, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री श्री लखनलाल देवांगन, कटघोरा विधायक श्री प्रेमचंद पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह कंवर, कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत, नगर निगम आयुक्त श्री आशुतोष पांडे, अपर कलेक्टर श्री देवेंद्र पटेल, श्री गोपाल मोदी,  जिला प्रशासन एवं नगर निगम के अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में नगर निगम के एमआईसी सदस्य श्री नरेंद्र कुमार देवांगन, श्रीमती धन कुमारी गर्ग सहित अनेक पार्षद एवं जनप्रतिनिधि भी उपस्थित थे।

पौधरोपण के दौरान उप मुख्यमंत्री श्री साव ने उद्यान के नियमित रखरखाव, हरियाली के संरक्षण और नागरिकों के लिए सुविधाओं के विस्तार पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कोरबा के प्रथम पीपल-वट उद्यान के विकसित होने से शहरवासियों को हरित एवं प्राकृतिक वातावरण में समय बिताने के लिए एक नया सार्वजनिक स्थल उपलब्ध होगा।

Spread the word