अज्ञात व्यक्ति द्वारा इंस्टाग्राम के माध्यम से डॉक्टर पर आपत्तिजनक टिप्पणी, पुलिस से की शिकायत

कोरबा 22 सितंबर। शिवाय अस्पताल में ऑर्थोपेडिक सर्जन के रूप में कार्यरत डॉ. संतोष राठौड ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ सोशल मीडिया पर उनकी फोटो का दुरुपयोग कर आपत्तिजनक एवं मानहानिकारक टिप्पणियां प्रसारित करने की शिकायत साइबर पुलिस थाना कोरबा में दर्ज कराई है।
शिकायत के अनुसार, 11 अगस्त 2026 से अलग-अलग नामों से संचालित कई इंस्टाग्राम आईडी के माध्यम से डॉ. राठौड की फोटो पोस्ट की जा रही है। इसके अलावा उनके नाम और फोटो का उपयोग कर फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट भी बनाए जाने का आरोप है। इन अकाउंट्स से डॉक्टर के संबंध में आपत्तिजनक, अशोभनीय और गंभीर आरोप वाली टिप्पणियां पोस्ट कर उन्हें परिचितों एवं अन्य लोगों तक शेयर किए जाने की बात शिकायत में कही गई है। डॉ. राठौड का कहना है कि इस तरह की पोस्ट से उनकी सामाजिक और व्यावसायिक प्रतिष्ठा प्रभावित हो रही है तथा वे मानसिक रूप से परेशान हैं।
उन्होंने साइबर पुलिस से संबंधित इंस्टाग्राम अकाउंट, पोस्ट, फोटो, कमेंट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की तकनीकी जांच कर अज्ञात व्यक्ति की पहचान करने तथा वैधानिक कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के साथ संबंधित इंस्टाग्राम अकाउंट और पोस्ट के स्क्रीनशॉट भी पुलिस को सौंपे गए हैं। मामले में 0011/26 के तहत बीएनएस की धारा 66सी, 66डी एवं 356 का उल्लेख किया गया है।
