5.52 एकड़ जमीन पर सीमांकन से मची खलबली, 22 कारोबारियों को नोटिस जारी

कोरबा 21 सितंबर। नगर के नहर पुल से राताखार बायपास रोड में मल्टीलेवल पार्किंग के पास सरकारी जमीन पर नगर निगम चौपाटी समेत कई सुविधाएं विकसित करने के मूड में है। इस बारे में तहसील कार्यालय की ओर से 22 कारोबारियों समेत 24 लोगों को नोटिस जारी किया गया है। लोग इससे परेशान हैं। उन्होंने कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन से मिलकर अपनी बात रखी। वे चाहते हैं कि संबंधित जमीन पर कोई निर्माण नहीं हो।

जानकारी के मुताबिक तहसील कार्यालय की ओर से सीमांकन विषय पर यह नोटिस कुल 24 लोगों को दिया गया है। जिसमें 23 सितंबर को सुबह 11 बजे सीमांकन की बात कही गई है। कुछ दिन पहले राजस्व,जल संसाधन और नगर निगम के कुछ अधिकारियों की टीम पावर हाउस रोड नहर पुल से राताखार की ओर जाने वाले बायपास मार्ग (दुबई रोड) पर पहुंची थी। यहां मल्टीलेवल पार्किंग के आसपास और आगे की भूमि की नाप जोख शुरू की गई जिसका स्थानीय व्यापारियों ने विरोध किया। इनके द्वारा विरोध दर्ज कराया गया कि बिना किसी सूचना और जानकारी के आखिर सीमांकन क्यों और कैसे किया जा रहा है? इस विरोध के बाद टीम वापस लौट गई और कुछ दिन बाद तहसील कार्यालय से एक नोटिस कुल 24 लोगों के लिए जारी होती है। नोटिस में विभिन्न निर्माण कार्यों का जिक्र है।

यह नोटिस प्राप्त होने के साथ ही इस क्षेत्र के व्यापारियों में खलबली मच गई। जिला चेंबर ऑफ कॉमर्स को अवगत कराते हुए उनके पदाधिकारी के साथ व्यापारियों ने कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन के निवास पहुंचकर मुलाकात की और सारी बातों को रखा। इनका विरोध इस बात को लेकर है कि उनके व्यापारिक प्रतिष्ठानों के सामने नगर निगम द्वारा चौपाटी विकसित किए जाने की योजना है, साथ ही अन्य निर्माण भी कराए जाएंगे। इसकी वजह से उनका व्यवसाय प्रभावित होने के साथ-साथ अन्य समस्याएं भी उत्पन्न होगी जिसमें यातायात से लेकर अन्य समस्याएं प्रमुख हैं। बताया गया कि मंत्री श्री देवांगन ने इस संबंध में तत्काल कलेक्टर से मोबाइल पर चर्चा की और किसी भी तरह से फिलहाल कोई भी निर्माण कार्य वहां नहीं करने हेतु अपनी बात रखी। व्यापारियों को त्वरित राहत और आश्वासन तो मिल गया है।

फिलहाल इंतजार है कि क्या 23 सितंबर को सीमांकन होगा या फिर प्रक्रिया चलेगी। याद रहे नगर निगम केे पूर्व महापौर जोगेश लांबा के कार्यकाल में शिवाजी नगर-आरएसएस नगर मुख्य मार्ग पर अतिरिक्त जमीन पर किए गए कब्जे को हटाया गया था और सडक का चौड़ीकरण किया गया था। इससे आवागमन बेहतर हुआ।

नोटिस में फ्रूट मार्केट और चौपाटी का उल्लेख नायब तहसीलदार कार्यालय से जारी सूचना में कहा गया है कि नगर पालिक निगम कोरबा के 17 अगस्त 2026 के पत्र के अनुसार पावर हाउस रोड नहर के समीप जल संसाधन विभाग के नहर व नहर के पास स्थित भूमि ग्राम कोरबा में है। उक्त भूमि पर मल्टी लेवल कार पार्किंग के साथ-साथ फुट मॉर्केट, चौपाटी व डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी परिसर का निमाण प्रस्तावित है। उक्त वर्णित भूमि कुल ख.नं. 24, कुल रकबा 5.52 ए. का सीमांकन 23 सितंबर को समय 11 बजे किया जाना है।

Spread the word