अधिवक्ता धनेश ने एसपी से की कार्रवाई की मांग

कोरबा 17 सितंबर। आरटीओ चालान के नाम पर वाट्सएप के माध्यम से एपीके फाइल भेजकर आम नागरिकों को साइबर ठगी का शिकार बनाने के कथित प्रयास को लेकर अधिवक्ता धनेश कुमार सिंह ने पुलिस अधीक्षक, कोरबा को लिखित शिकायत देकर मामले की जांच एवं आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत में बताया गया है कि मोबाइल नंबर 7987925980 से वाट्सएप के माध्यम से संदेश प्राप्त हुआ। उक्त नंबर शिकायतकर्ता के एक परिचित के नाम से सेव है, लेकिन संदेश एवं गतिविधियों को देखते हुए आशंका है कि संबंधित वाट्सएप नंबर हैक अथवा अनधिकृत रूप से संचालित किया जा रहा है।शिकायत के अनुसार संदेश में आरटीओ चालान से संबंधित बताते हुए एक परिवहन चेक लिस्ट नाम की एपीके फाइल भेजी गई तथा उसे डाउनलोड एवं ओपन करने के लिए कहा गया। ऐसी एपीके फाइल के माध्यम से मोबाइल में अनधिकृत एप्लीकेशन इंस्टॉल कराकर व्यक्तिगत एवं बैंकिंग जानकारी हासिल करने अथवा साइबर धोखाधड़ी किए जाने की आशंका व्यक्त की गई है। अधिवक्ता सिंह ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि उक्त मोबाइल नंबर एवं एपीके फाइल की तकनीकी जांच कराई जाए, यह पता लगाया जाए कि नंबर का उपयोग कौन कर रहा है तथा यदि किसी साइबर अपराधी द्वारा इसका संचालन किया जा रहा है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए।

उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की है कि आरटीओ चालान, बैंक, केवायसी अथवा सरकारी विभाग के नाम पर वाट्सएपध्एसएमएस से प्राप्त किसी भी संदिग्ध एपीके फाइल को डाउनलोड या इंस्टॉल न करें और संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें।

Spread the word