एसईसीएल दीपका क्षेत्र के अधीन संचालित जय अम्बे कंपनी में ड्राइवर मजदूरों से जुड़ी समस्याओं को लेकर छत्तीसगढ़ क्रांति सेना ने खोला मोर्चा

कोरबा 17 सितंबर। एसईसीएल दीपका क्षेत्र के अधीन संचालित जय अम्बे कंपनी में ड्राइवर मजदूरों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना ने मोर्चा खोला। संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष उमागोपाल के नेतृत्व में कार्यकर्ता एसईसीएल दीपका प्रोजेक्ट के महाप्रबंधक (जीएम) से मुलाकात करने पहुंचे।

संगठन की ओर से कंपनी में ड्राइवर मजदूरों की संख्या, एक कर्मचारी को काम से बैठाए जाने, मजदूरों को समय पर भुगतान नहीं मिलने सहित कई शिकायतें जीएम के समक्ष रखी गईं। संगठन ने यह आरोप भी लगाया कि कंपनी के अंदर कुछ अधिकारियों द्वारा ड्राइवर मजदूरों से कथित रूप से पैसे लिए जाने की शिकायत सामने आई है।

मजदूरों की समस्याओं को लेकर संगठन के कार्यकर्ताओं ने एसईसीएल दीपका प्रोजेक्ट कार्यालय परिसर में नारेबाजी की। इस दौरान कार्यालय परिसर में काफी देर तक नारे गूंजते रहे। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रोजेक्ट जीएम ने जय अम्बे कंपनी के अधिकारियों से बातचीत की और मजदूरों की शिकायतों के समाधान को लेकर चर्चा की। बातचीत के बाद संबंधित कर्मचारी को दोबारा काम पर रखने की बात सामने आई।

इस दौरान छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना के प्रदेश उपाध्यक्ष उमागोपाल ने कहा कि ड्राइवर और मजदूरों के साथ किसी भी तरह का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मजदूरों को उनके काम का मेहनताना समय पर मिलना चाहिए और कार्यस्थल पर उनके अधिकारों का संरक्षण होना चाहिए। उन्होंने कहा कि मजदूर अपने हक और अधिकार की लड़ाई में अकेले नहीं हैं। संगठन मजदूरों की समस्याओं को लेकर आगे भी आवाज उठाता रहेगा। उमागोपाल ने कहा कि मजदूरों का हक मजदूरों को मिलना चाहिए और मजदूरों के कथित शोषण के खिलाफ संगठन लगातार संघर्ष करेगा।

Spread the word