भोपाल में फर्जी IAS तृप्ति सिंह का बड़ा खुलासा, सरकारी दफ्तरों का करती थी निरीक्षण; साथ में चलती थी पुलिस

भोपाल। मध्य प्रदेश पर्यटन का होटल-रिसोर्ट लीज पर दिलाने और सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाली फर्जी आईएएस तृप्ति सिंह ने अपना मायाजाल सरकारी कार्यालयों तक फैला रखा था। वह सिर्फ लोगों के सामने खुद को आईएएस बताकर रौब ही नहीं झाड़ती थी, बल्कि उसी हनक के साथ सरकारी कार्यालयों का निरीक्षण भी करती रही। ऐसे निरीक्षणों के दौरान संबंधित थाने का पुलिस बल उसके साथ होता था।
अयोध्यानगर क्षेत्र के एक सरकारी दफ्तर में तृप्ति के निरीक्षण का वीडियो सामने आया है। इसमें उसके साथ अयोध्यानगर थाने के आरक्षक सुदीप राजपूत और प्रदीप दामले भी दिखाई दे रहे हैं।
पुलिस जांच में तृप्ति ने स्वीकार किया है कि उसने अयोध्यानगर थाना प्रभारी महेश लिल्हारे से कहकर निरीक्षण के लिए पुलिस बल मंगवाया था। अब बागसेवनिया पुलिस उसे दोबारा रिमांड पर लेकर इस निरीक्षण और संबंधित सरकारी दफ्तर के बारे में पूछताछ करेगी।
