कृष्ण जन्मोत्सव को भव्यता से मनाने सप्तदेव मंदिर में बैठक आयोजितः कई संगठन शामिल, भादी अमावस्या पर होगा मंगलपाठ

कोरबा 01 सितंबर। श्री सप्तदेव मंदिर कोरबा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी एवं श्री भादी अमावस्या उत्सव की तैयारियों को लेकर रविवार की रात मंदिर परिसर में विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में दोनों आयोजनों की रूपरेखा, व्यवस्थाओं और सामाजिक सहभागिता को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

श्री सप्तदेव मंदिर ट्रस्ट के प्रमुख ट्रस्टी श्री अशोक मोदी ने बताया कि 4 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर दिनभर धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। इनमें लड्डू गोपाल सजाओ एवं श्रीकृष्ण बनो प्रतियोगिता, भजन-कीर्तन तथा प्रसिद्ध भजन गायक शुभम गोयल की भजन प्रस्तुति प्रमुख है। रात्रि 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के प्राकट्य पर विशेष पूजा-अर्चना, आरती एवं जन्मोत्सव होगा। 11 सितंबर को श्री भादी अमावस्या के पर 501 मातृशक्ति द श्री राणी सती दादी जी का मंगलपाठ करेंगी । इसके पूर्व 10 सितंबर की शाम मेहंदी उत्सव, पगधोई, ज्वारा उत्सव एवं भजन-कीर्तन होंगे। इस दिवस रात 8 से 11 बजे तक अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विभिन्न राज्यों के प्रसिद्ध कवि-कवयित्रियां काव्यपाठ करेंगे। बैठक में उपस्थित समाज प्रमुखों एवं विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने आयोजन को सुव्यवस्थित और भव्य बनाने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए तथा पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

वक्ताओं ने कहा कि श्री सप्तदेव मंदिर के ये आयोजन कोरबा की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान के साथ सामाजिक एकता और समरसता के प्रतीक बन चुके हैं। बैठक में मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों सहित अग्रवाल सभा, ब्राह्मण समाज, श्री श्याम मित्र मंडल, पतंजलि योगपीठ, प्रजापिता ब्रह्माकुमारी संस्था, हिन्दू नारायणी सेना, योग वेदांत सेवा समिति, विश्व हिन्दू परिषद, अग्रवाल संगठन, मारवाड़ी महिला संगठन एवं श्री सप्तदेव मंदिर महिला मंडल के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन समिति ने नगरवासियों से दोनों धार्मिक उत्सवों में सहभागी बनने की अपील की है।

Spread the word