श्री सप्तदेव मंदिर में 4 सितम्बर हो होगी जन्माष्टमी की धूम, तैयारियां जोर-शोर से प्रारंभ

कोरबा 28 अगस्त। श्री सप्तदेव मंदिर, कोरबा में शुक्रवार, 4 सितंबर 2026 को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। उत्सव को लेकर मंदिर परिसर में व्यापक तैयारियां जोर-शोर से प्रारंभ हो गई हैं।

मंदिर में प्रतिवर्ष सजाई जाने वाली विभिन्न झांकियों को मूर्तिकारों द्वारा आकर्षक एवं जीवंत स्वरूप प्रदान किया जा रहा है। मंदिर परिसर में बनाए जा रहे विशाल पंडालों में भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं एवं जीवन प्रसंगों पर आधारित विभिन्न चलायमान झांकियां तैयार की जा रही हैं। इनमें भगवान श्रीकृष्ण का कारागार में जन्म, श्री वासुदेव जी द्वारा श्रीकृष्ण को यमुना नदी पार कर गोकुल ले जाना, भगवान श्रीकृष्ण द्वारा बकासुर वध, कालियानाग मर्दन, गोवर्धन पर्वत को अपनी उंगली पर धारण करना सहित अनेक प्रसंगों को आकर्षक रूप से प्रस्तुत किया जाएगा। इन मनोहारी चलायमान झांकियों को पंडालों में सजाकर रखा जाएगा, जिनका दर्शन श्रद्धालु शाम 6 बजे से रात 12.30 बजे तक कर सकेंगे। झांकियों के माध्यम से श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं एवं जीवन चरित्र से परिचित होने के साथ ही उनका आनंद भी ले सकेंगे।

मंदिर परिसर स्थित आदर्श सेवा केंद्र में पूजन सामग्री के साथ रामदेव बाबा के आश्रम में निर्मित विभिन्न उपयोगी सामग्री तथा गीता प्रेस, गोरखपुर द्वारा प्रकाशित धार्मिक एवं आध्यात्मिक पुस्तकें भी उपलब्ध रहेंगी। जन्माष्टमी उत्सव पर विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 3 सितंबर को शाम 3 बजे से 5 बजे तक मंदिर परिसर में ‘लड्डू गोपाल सजाओ प्रतियोगिता’ आयोजित की जाएगी। वहीं 4 सितंबर को दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक 0 से 10 वर्ष तक के बच्चों के लिए ‘श्रीकृष्ण बनो प्रतियोगिता’ आयोजित होगी। इसी अवसर पर विश्व हिंदू परिषद का स्थापना दिवस भी मनाया जाएगा।

Spread the word