हाथियों का उत्पात जारीः गौरछापर पहुंचकर फसलों को पहुंचाया नुकसान

कोरबा 28 अगस्त। वनमंडल कटघोरा के एतमानगर रेंज में हाथियों का उत्पात लगातार जारी है। यहां आधा दर्जन से अधिक हाथी सक्रिय हैं, जो लगातार ग्रामीणों के खेतों में पहुंचकर वहां लगे धान की खरीफ फसल को नुकसान पहुंचा रहे हैं। अब तक हाथियों का यह दल रिंगनिया में उत्पात मचाकर ग्रामीणों के नाकों में दम कर रखा था। लेकिन बीती रात हाथियों का दल अपना लोकेशन बदलते हुए गौरछापर गांव पहुंच गए और वहां पहुंचते ही जमकर उत्पात मचाया।

इस दौरान हाथियों ने 10 ग्रामीणों के खेतों में लगे बड़ी मात्रा में धान फसल को रौंद दिया, जिससे संबंधितों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। गौरछापर के ग्रामीणों को हाथियों के आने और उत्पात मचाने की जानकारी तब लगी जब वे अपनी खेतों में पहुंचे थे। वहां लगे धान की फसल को बुरी तरह रौंदा हुआ पाया। इसकी तत्काल सूचना वन विभाग को दी गई, जिस पर वन विभाग को अमला मौके पर पहुंचकर हाथियों की निगरानी करने के साथ रात में किए गए नुकसानी के आंकलन में जुट गया है। हाथियों द्वारा क्षेत्र में लगातार उत्पात मचाए जाने तथा फसल को रौंदे जाने से ग्रामीण बेहद परेशान हैं और अपने जान-माल तथा फसल की सुरक्षा की गुहार लगा रहे हैं।

ग्रामीणों की मांग पर न तो प्रशासन ध्यान दे रहा है और न ही वन विभाग। जिससे समस्या लगातार बनी हुई है। ग्रामीण अपनी आंखों के सामने अपनी मेहनतों पर पानी फिरते देखने को मजबूर हैं। इधर कोरबा वनमंडल के करतला रेंज में भी 15 की संख्या में हाथी पहाडगांव क्षेत्र में मौजूद है। हाथियों का यह दल पहाड़ पर ही जमा हुआ है।

Spread the word