बांकीमोंगरा नगर पालिका में बड़ा सियासी फेरबदलः पीआईसी सदस्य दिलीप दास हटाए गए, अश्वनी मिश्रा को मिली जिम्मेदारी

कोरबा-बांकीमोंगरा 27 अगस्त। बांकीमोंगरा नगर पालिका में प्रेसिडेंट-इन-काउंसिल (पीआईसी) को लेकर बड़ा फेरबदल सामने आया है। नगर पालिका परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी द्वारा जारी आदेश के मुताबिक राजस्व एवं बाजार मिति के पीआईसी सदस्य दिलीप दास की सदस्यता समाप्त कर दी गई है। उनकी जगह वार्ड क्रमांक 13 के पार्षद अश्वनी कुमार मिश्रा को प्रेसिडेंट-इन-काउंसिल में शामिल करते हुए राजस्व एवं बाजार समिति का सभापति नामित किया गया है।

25 अगस्त 2026 को जारी आदेश में उल्लेख है कि नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा के अध्यक्ष ने छत्तीसगढ़ नगरपालिका अधिनियम 1961 की धारा 70 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए यह निर्णय लिया है। आदेश के अनुसार श्री दिलीप दास, पीआईसी सदस्य (राजस्व एवं बाजार समिति) की सदस्यता समाप्त करते हुए पार्षद अश्वनी कुमार मिश्रा को पीआईसी का सदस्य शामिल किया गया है। साथ ही उन्हें राजस्व एवं बाजार समिति का सभापति नामित किया गया है।
नगर पालिका की राजनीति में इस बदलाव को लेकर अब चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। च्प्ब् में एक महत्वपूर्ण समिति की जिम्मेदारी में बदलाव को स्थानीय राजनीति में अहम घटनाक्रम माना जा रहा है। खासकर दिलीप दास को हटाकर वार्ड 13 के पार्षद अश्वनी कुमार मिश्रा को जिम्मेदारी दिए जाने से नगर पालिका के अंदर राजनीतिक समीकरणों को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि, जारी आदेश में दिलीप दास की पीआईसी सदस्यता समाप्त करने का कोई कारण स्पष्ट नहीं किया गया है। आदेश में केवल अध्यक्ष द्वारा वैधानिक शक्तियों का प्रयोग करते हुए सदस्य परिवर्तन और नई जिम्मेदारी दिए जाने का उल्लेख है।
नए आदेश के बाद अब राजस्व एवं बाजार समिति के सभापति की जिम्मेदारी अश्वनी कुमार मिश्रा संभालेंगे। नगर पालिका की राजस्व व्यवस्था और बाजार से जुड़े विषयों में यह समिति महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इस बदलाव के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि पीआईसी में हुए इस फेरबदल का नगर पालिका की आगे की राजनीति और निर्णय प्रक्रिया पर क्या असर पड़ेगा? फिलहाल आदेश सामने आने के बाद बांकीमोंगरा की सियासत में इस फेरबदल को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
