देवपहरी में निकला विशालकाय अजगर, रेस्क्यू टीम ने जंगल में छोड़ा

कोरबा 24 अगस्त। लेमरू वर्षा ऋतु के दौरान वन्यजीवों की बढ़ती गतिविधियों के बीच लेमरू वन परिक्षेत्र ने अपनी त्वरित कार्यप्रणाली और तत्परता का एक बेमिसाल उदाहरण पेश किया है। लेमरू वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम देवपहरी में निवासी दिलीप कुमार सारथी के घर में एक विशालकाय अजगर के निकलने की सूचना मिलते ही मामले की गंभीरता को देखते हुए वन परिक्षेत्र अधिकारी लेमरू, देवव्रत सिन्हा ने तत्काल संज्ञान लिया और बिना समय गंवाए विशेषज्ञ रेस्क्यू टीम को मौके पर रवाना किया।

प्रशिक्षित वनकर्मियों की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर अत्यंत धैर्य, सतर्कता और व्यावसायिक कुशलता का परिचय देते हुए विशालकाय अजगर का रेस्क्यू किया। टीम ने वन्यजीव को बिना कोई नुकसान पहुंचाए सुरक्षित नियंत्रण में लिया, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। रेस्क्यू अभियान के दौरान वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने के लिए जागरूक किया। साथ ही, वन्यजीवों की सुरक्षा और उनके प्राकृतिक स्वभाव को ध्यान में रखते हुए किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ न करने के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वन विभाग लेमरू ने आम नागरिकों से अपील की है कि वर्षा काल में घरों या आसपास वन्यजीव दिखाई देने पर घबराएं नहीं। वन्यजीवों को स्वयं पकडने या नुकसान पहुंचाने का प्रयास करने के बजाय तुरंत वन विभाग को सूचित करें, ताकि विशेषज्ञों द्वारा सुरक्षित कदम उठाए जा सकें।

पर्यावरण एवं वन्यजीव संरक्षण के साथ-साथ ग्रामीणों की सुरक्षा के प्रति लेमरू वन परिक्षेत्र की टीम सदैव तत्पर और प्रतिबद्ध है। विभाग की इस त्वरित और समर्पित कार्यशैली की स्थानीय ग्रामीणों द्वारा भूरी-भूरी प्रशंसा की जा रही है।

Spread the word