बीएमसी का सदस्यता सत्यापन 2 सितंबर से प्रारंभ

कोरबा 24 अगस्त। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड कुसमुंडा क्षेत्र में भारतीय मजदूर संघ से एफिलेटेड भारतीय कोयला खदान मजदूर संघ का सदस्य सत्यापन कार्य 2 सितंबर से प्रारंभ हो रहा है। इस क्षेत्र में सबसे अग्रणी बनने के लिए संगठन के द्वारा आवश्यक कोशिश की जा रही है।
वरिष्ठ पदाधिकारी टिकेश्वर राठौर ने बताया कि एरिया स्तर पर सदस्यता सत्यापन दो और 3 सितंबर को किया जाएगा। इसके लिए सुबह 11.00 से 1.30 बजे और शाम को 3.00 से 5.00 बजे का समय निर्धारित किया गया है। जबकि प्रोजेक्ट स्तर पर इस कार्य के लिए 9 से 11 सितंबर की तिथि तय की गई है। इसकी समय सारणी भी पूर्व अनुसार रहेगी। टिकेश्वर राठौर ने बताया कि भारतीय कोयला खदान मजदूर संघ की अपनी कार्यपद्धती है और वह इसके हिसाब से औद्योगिक क्षेत्र में कामकाज का संपादन करता है। उसकी स्पष्ट सोच है की कामकाज के मामले में किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा लेकिन इसके लिए निर्धारित कीमत भी उसकी एक शर्त है।
राष्ट्रीय हितों के मामले में उसकी अवधारणा पहले से ही अत्यंत स्पष्ट रही है और इसलिए वह उत्पादन और उत्पादकता के मामलों में अलग तरीके से काम करने को लेकर प्रतिबद्ध रहा है। राठौर ने बताया कि कुसमुंडा क्षेत्र में हमने अपने संगठन को हर हाल में अग्रणी बनाने को लेकर पहले भी काम किया है और इस बार भी हमारा यही लक्ष्य है।
