आतंकी हाफिज सईद को लाहौर में समन तामील कराने की तैयारी में भारत

नई दिल्ली. पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-तैयबा के चीफ आतंकी हाफिज सईद पर भारतीय एजेंसियां कानूनी शिकंजा कसने की तैयारी में है। सूत्रों के अनुसार केंद्र सरकार पहलगाम हमले के मामले के आरोपी हाफिज को राजनयिक चैनल से लाहौर में कोर्ट का समन तामील कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाएगी। भारतीय विदेश मंत्रालय पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय को तामील करवाने को समन भेजेगा। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने पहलगाम हमले में हाफिज के खिलाफ जुलाई, 2026 में पूरक चार्जशीट अदालत में पेश की थी। कोर्ट ने उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी कर चुका है।

इस वारंट के बाद पाकिस्तान को आधिकारिक तौर पर हाफिज का समन तामील के लिए भेजा जाएगा। सूत्रों के अनुसार हाफिज को पाक सरकार का संरक्षण होने के कारण हालांकि समन तामील होने की संभावना बहुत कम है, लेकिन भारत अपनी कानूनी प्रक्रिया पूरी कर यह बात रिकॉर्ड पर रखना चाहता है कि कानून के तहत उसे अपना पक्ष रखने का पूरा मौका दिया गया। यह समन भेजने के बाद हाफिज को कानूनी तौर पर भगोड़ा घोषित करने का रास्ता साफ होगा। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) के तहत ऐसे आरोपी की गैर-मौजूदगी में भी मुकदमा चलाकर सजा सुनाई जा सकती है।

इंटरपोल की मदद

दूसरी ओर मुंबई में 26/11 हमले के मामले में भी केंद्र सरकार महाराष्ट्र सरकार के आग्रह पर हाफिज, जकिउर्रहमान लखवी व धार अन्य आरोपियों के खिलाफ समन तामील करवाने के लिए इंटरपोल की मदद लेने की तैयारी में है।

डर अच्छा है… पाकिस्तान में बढ़ाई गई सुरक्षा

उधर, मीडिया रिपोर्टों के अनुसार भारत में कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ने और हाफिज के साथियों के पाकिस्तान में एक-एक कर मारे जाने के बाद वहां उसकी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। आतंकी संगठन के जो लोग उससे मिलने पहुंचते हैं, उन्हें भी कड़ी सुरक्षा जांच और स्क्रीनिंग से गुजरना पड़ रहा है। पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ने भी उसकी आवाजाही भी सीमित कर दी है।

Spread the word