घर के पास खेलते समय कुएं में गिरा 3 साल का मासूम, मौत

कोरबा 22 अगस्त। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के मानिकपुर चौकी क्षेत्र की पुरानी बस्ती दादर में एक दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। वार्ड क्रमांक 34 में घर के पास खेल रहा तीन वर्षीय मासूम अभियांस पटेल अचानक खुले कुएं में गिर गया। पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, अभियांस पटेल घर के पास खेल रहा था। खेलते-खेलते वह बाड़ी की ओर चला गया। इसी दौरान वह खुले कुएं के पास पहुंचा और अचानक संतुलन बिगड़ने से कुएं में गिर गया। घटना के समय परिवार के लोगों को इसकी जानकारी नहीं हो सकी। कुछ देर बाद जब अभियांस दिखाई नहीं दिया तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
बाड़ी की ओर जाने पर कुएं में बच्चा दिखाई दिया। इसके बाद परिजनों ने तत्काल उसे बाहर निकाला और इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद अभियांस को मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों में भी शोक का माहौल है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में लगातार बारिश हो रही है, जिसके कारण कुएं में पानी का स्तर बढ़ गया था। खुले कुएं के आसपास सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने से हादसे की आशंका बनी हुई थी।
बताया गया कि अभियांस सतानंद पटेल का छोटा बेटा था। परिवार खेती-किसानी के साथ बाड़ी में सब्जियां उगाने का काम करता है। दो भाइयों में सबसे छोटा अभियांस आंगनबाड़ी जाता था। मासूम की अचानक मौत से परिवार और आसपास के लोगों में गम का माहौल है।
यह हादसा खुले कुओं और जलस्रोतों के आसपास बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े करता है। बारिश के मौसम में ऐसे खुले कुओं को सुरक्षित तरीके से ढंकना बेहद जरूरी है।
