दोस्तों से शर्त लगाकर तैरने उतरा युवक डूबा, वीडियो आया सामने; SDRF का सर्च ऑपरेशन जारी

रायपुर. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के माना थाना क्षेत्र में स्थित नकटी गांव के ब्लू वाटर में एक युवक के डूबने का मामला सामने आया है। युवक दोस्तों के साथ घूमने पहुंचा था। इसी दौरान पानी में एक तरफ से दूसरी तरफ तैरकर जाने को लेकर दोस्तों के बीच शर्त लग गई। तैरने के दौरान युवक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूब गया।
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक को पानी में तैरते हुए देखा जा सकता है। डूबने के बाद से उसका कोई पता नहीं चल सका है। पुलिस और SDRF की टीम युवक की तलाश में सर्च ऑपरेशन चला रही है।
दोस्तों के साथ ब्लू वाटर घूमने पहुंचा था युवक
जानकारी के मुताबिक, मौदहापारा निवासी आदिल खान, पिता नासिर खान, उम्र करीब 24 वर्ष, बुधवार शाम अपने तीन दोस्तों के साथ नकटी गांव स्थित ब्लू वाटर घूमने गया था।
इसी दौरान दोस्तों के बीच पानी में एक तरफ से दूसरी तरफ तैरकर जाने को लेकर शर्त लग गई। बताया जा रहा है कि आदिल और उसका एक दोस्त पानी में उतर गए और तैरते हुए आगे बढ़ने लगे।
बीच पानी में अचानक डूबा आदिल
सामने आए वीडियो में आदिल खान और उसका दोस्त तौफीक पानी में तैरते हुए दिखाई दे रहे हैं। दोनों ब्लू वाटर के एक हिस्से से दूसरी ओर जाने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान पानी के बीच में पहुंचने के बाद आदिल अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया।
उसका दोस्त तौफीक किसी तरह तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों और दोस्तों में हड़कंप मच गया।
रात में रोका गया सर्च ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही माना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। युवक की तलाश के लिए पुलिस ने SDRF टीम से संपर्क किया। टीम भी मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
हालांकि, रात होने और ब्लू वाटर में पानी काफी गहरा होने के कारण तलाशी अभियान को रोकना पड़ा। गुरुवार सुबह एक बार फिर SDRF की टीम ने युवक की तलाश शुरू कर दी है।
परिवार में पसरा मातम
युवक के डूबने की खबर मिलते ही परिवार में मातम का माहौल है। परिजन घटनास्थल पर पहुंचे हुए हैं और आदिल के सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
पुलिस और प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की जाती है कि गहरे और असुरक्षित जलाशयों में तैरने का जोखिम न उठाएं। खासकर बारिश के मौसम में जलाशयों का जलस्तर और गहराई तेजी से बदल सकती है।
