सावन सोमवार के साथ नागपंचमी का संयोग, शिवालयों में हुई नाग पूजा

सपेरों ने किया नागों का प्रदर्शन

कोरबा 17 अगस्त। सावन के तीसरे सोमवार को श्रावण शुक्ल नागपंचमी के संयोग ने खास बनाया। पिछले दो सोमवार की तुलना में आज स्थानीय और आसपास के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ ज्यादा रही। यहां पर भगवान शिव का पूजन अर्चन करने के साथ नाग देवता भी पूजे गए। कुछ स्थानों पर सपेरों द्वारा विषहीन नागों का प्रदर्शन किया गया। लोगों ने इन्हें देखने में रूचि ली।

सावन सोमवार को सुबह से शिवालयों में श्रद्धालुओं की पहुंच हुई। पिछली रात्रि से विभिन्न क्षेत्रों से कांवर यात्रा शुरू करने वाले भक्तों ने जिले के प्राचीन और ऐतिहासिक शिवमंदिर पाली, कनकेश्वर धाम, शंकरखोला कोरकोमा के साथ ही कटघोरा के चकचकवा पहाड़ी मंदिर में शिव का जलाभिषेक किया। ब्रम्ह मुहूर्त से यह क्रम शुरू हुआ। इस दौरान आसपास के श्रद्धालुओं ने भी यहां उपस्थिति दर्ज करायी। सावन सोमवार के कारण विशेष रूप से शिवालयों में अपेक्षाकृत भीड़ का ग्राफ ज्यादा रहा। ऐसे में पूजा अर्चना के लिए लोगों को काफी देर प्रतीक्षा करनी पड़ी। पुरोहितों ने मंत्रोच्चार के साथ पूजा संपन्न करायी। पूरे मंदिर परिसर में भगवान शिव का जयघोष जारी रहा। जिसमें वातावरण को दिव्यता दी। कोरबा नगर के एसईसीएल कालोनी, निगम कालोनी, ढोढ़ीपारा, त्रिलोकीनाथ मंदिर, पंचमुखी मंदिर हेलीपेड और आरएसएस नगर के कपिलेश्वरनाथ मंदिर में तीसरे सोमवार को अनुष्ठान किये गए। चित्रगुप्त मंदिर परिसर स्थित शिवालय में भी प्रबंधन समिति द्वारा धूमधाम से संपन्न कराया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां शामिल हुए।

121 पार्थिव शिवलिंग का हुआ अभिषेक
सर्वमंगला मंदिर परिसर में श्रावण पंचमी के उपलक्ष्य में 121 पार्थिव शिवलिंग का निर्माण कर उसका अभिषेक पूजन किया गया। एकल, युगल और सामुहिक रूप से इस अभिषेक में शामिल हुए। मिट्टी से निर्मित शिवलिंग का अभिषेक किये जाने के लिए पिछले दिनों घोषणा की गई थी। इसके अनुरूप श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराने के साथ इस अनुष्ठान का हिस्सा बनाया। मंदिर प्रबंधन मयंक पांडेय ने बताया कि विधि विधान के साथ वैदिकों द्वारा इस अनुष्ठान को पूर्ण कराया गया। इस मौके पर आयोजित भंडारे में काफी संख्या में लोग शामिल हुए और प्रसाद प्राप्त किया।

Spread the word