कोरबा विशेष-संक्षिप्त समाचार

स्वतंत्रता दौड़ का आयोजन 14 अगस्त को
कोरबा 11 अगस्त 2026/ कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत के निर्देशानुसार प्रशासन तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग, कोरबा द्वारा 14 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दौड़ का आयोजन प्रातः 08 बजे सी.एस.ई.बी.फुटबॉल मैदान से प्रारंभ होकर सी.एस.ई.बी. चौक से बांए मुड़ते हुए टी.पी.नगर चौक से दाएं मुड़ते हुए पुनः वापस गायत्री मंदिर से सी.एस.ई.बी. फुटबॉल मैदान में समापन किया जायेगा। स्वतंत्रता दौड़ में जिले के सभी प्रबुद्धजन, समस्त विभाग के अधिकारी/कर्मचारी स्कूल, कालेज के छात्र/छात्राएं, एन.सी.सी. कैडेटस, एन.एस.एस समस्त खेल संघों के पदाधिकारी/खिलाड़ी, स्काउट गाईड, नेहरु युवा केन्द्र के सदस्य, गणमान्य नागरिकों को आमंत्रित किया गया है।
खेल अधिकारी ने समस्त विभाग के अधिकारी/कर्मचारी, समस्त स्कूल/कालेज के छात्र/छात्राएं, समस्त खेल संघों के पदाधिकारी, खिलाड़ी, एन.सी.सी. कैडेटस, एन.एस.एस. के छात्र/छात्राएं, स्काउट गाईड तथा नेहरु युवा केन्द्र के सदस्य प्रातः 7.00 बजे तक सी.एस.ई.बी. फुटबॉल मैदान में उपस्थित होकर इस आयोजन में एकजुटता सहिष्णुता व देशभक्ति का परिचय देते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करने आग्रह किया है।
—————–
भारत विभाजन की विभीषिका स्मरण दिवस के आयोजन के लिए निगम आयुक्त होंगे नोडल अधिकारी
कोरबा, 11 अगस्त 2026/ 14 अगस्त 2026 को “भारत विभाजन की विभीषिका स्मरण दिवस” के अवसर पर देशभर में विभिन्न स्मृति एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
शासन से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुरूप कोरबा जिले में भी भारत विभाजन की विभीषिका स्मरण दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों के सुचारू संचालन एवं आवश्यक समन्वय के लिए कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने आयुक्त, नगर पालिक निगम कोरबा को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।
……………….
‘हर घर तिरंगा’ अभियान के लिए शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त
कोरबा 11 अगस्त 2026/ शासन द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुसार जिले में ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष कार्यक्रम के अंतर्गत ‘वंदे मातरम्’ थीम के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
कार्यक्रम के सुचारू संचालन, प्रभावी क्रियान्वयन एवं विभागों के मध्य समन्वय सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की है। इसके तहत शहरी क्षेत्र के लिए आयुक्त, नगर पालिक निगम कोरबा तथा ग्रामीण क्षेत्र के लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत कोरबा को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने संबंधित नोडल अधिकारियों को शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को प्रभावी रूप से संचालित करने तथा अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
……………….
664.7 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज
कोरबा 11 अगस्त 2026/
कोरबा जिले में एक जून से आज तक कुल 664.7 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई।
अधीक्षक भू-अभिलेख से मिली जानकारी के अनुसार उक्त अवधि में जिले की तहसील कोरबा में 718.9 मिलीमीटर, अजगरबहार 480.5, भैंसमा, 621.1, करतला 641.9, बरपाली 701.8, कटघोरा 673.5 दीपका 750.5, दर्री 782.8, पाली 718, हरदीबाजार 555.2, पोंड़ीउपरोड़ा 684, और पसान तहसील में 647.7 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
