स्वामी आत्मानंद स्कूल में 9वीं के छात्र से मारपीट, 40 सेकंड में 46 थप्पड़ मारने का दावा: वीडियो वायरल

रायपुर। राजधानी रायपुर के भाठागांव स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल में कक्षा 9वीं के एक छात्र के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ छात्र एक युवक को घेरकर उसके साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। मामले को लेकर पीड़ित छात्र के परिजनों ने पुरानी बस्ती थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए दोषी छात्रों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
सहपाठियों से विवाद के बाद बाहर से बुलाए लड़के
जानकारी के मुताबिक, कक्षा 9वीं में पढ़ने वाले छात्र का अपने कुछ सहपाठियों से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि इसके बाद सहपाठियों ने बाहर से कुछ लड़कों को बुला लिया। स्कूल परिसर में ही छात्र को घेरकर उसके साथ मारपीट की गई।
वायरल वीडियो में छात्र पर लगातार थप्पड़ और लात-घूंसे बरसाते हुए कुछ युवक दिखाई दे रहे हैं। वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि करीब 40 सेकंड के भीतर छात्र को 46 से ज्यादा थप्पड़ मारे गए। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
मारपीट का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर किया वायरल
बताया जा रहा है कि मारपीट के दौरान किसी ने मोबाइल से पूरी घटना रिकॉर्ड कर ली। बाद में इसी वीडियो को कथित तौर पर रील के रूप में सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया गया। वीडियो वायरल होने के बाद मामला सामने आया और स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे।
परिजनों का आरोप है कि मारपीट करने वालों में से एक युवक ने खुद को प्रभावशाली बताते हुए धमकी भी दी। कथित तौर पर पुलिस में शिकायत करने पर भी कुछ नहीं बिगाड़ पाने की बात कही गई। इस धमकी के बाद पीड़ित छात्र और उसके परिवार में डर का माहौल पैदा हो गया।
घटना के बाद छात्र ने स्कूल छोड़ा
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना की जानकारी स्कूल प्रबंधन और प्राचार्य को तत्काल दी गई, लेकिन उनकी ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई। परिजनों के मुताबिक, लगातार डर और दबाव के कारण छात्र ने स्कूल से ट्रांसफर सर्टिफिकेट (TC) ले लिया और पढ़ाई छोड़ दी।
परिवार का कहना है कि घटना के बाद छात्र मानसिक रूप से भी परेशान है और उन्हें स्कूल में उसकी सुरक्षा को लेकर भरोसा नहीं रह गया है।
पुरानी बस्ती थाने में शिकायत, पुलिस जांच में जुटी
मामले को लेकर पीड़ित छात्र के परिजनों ने पुरानी बस्ती थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और वायरल वीडियो के आधार पर घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।
बताया जा रहा है कि घटना में शामिल छात्र नाबालिग हैं। ऐसे में पुलिस द्वारा जांच के दौरान किशोर न्याय से जुड़े प्रावधानों का भी पालन किया जाएगा।
स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा पर उठे सवाल
घटना के बाद स्कूल परिसर में बच्चों की सुरक्षा और स्कूल प्रबंधन की जिम्मेदारी को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। मामले में शारीरिक मारपीट के साथ-साथ छात्र के मानसिक स्वास्थ्य और सोशल मीडिया पर कथित तौर पर वीडियो वायरल कर सार्वजनिक अपमान किए जाने का पहलू भी सामने आया है।
अभिभावकों का कहना है कि स्कूल बच्चों के लिए सुरक्षित स्थान होना चाहिए। ऐसे में यदि स्कूल परिसर में ही इस तरह की घटना होती है और छात्र डर के कारण पढ़ाई छोड़ने को मजबूर हो जाता है, तो यह गंभीर चिंता का विषय है। अब पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि घटना में कौन-कौन शामिल था और स्कूल प्रबंधन की भूमिका को लेकर लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है।
