माइनिंग सरदार से ओवरमेन ग्रेड-बी पदोन्नति में व्याप्त विसंगति दूर करने की मांग

कोरबा। संयुक्त कोयला मजदूर संघ एटक एसईसीएल बिलासपुर के महासचिव अजय विश्वकर्मा ने एसईसीएल के आला अफसरों को प्रेषित पत्र में मांग की है कि माइनिंग सरदार (पीसीएसए ग्रैड -बी) से ओवरमेन संवर्ग में पदोन्नति व्यवस्था में व्याप्त विसंगति को तत्काल दूर किया जाए तथा सभी क्षेत्रों में ओवरमेन ग्रेड -बी के स्वीकृत पदों की संख्या में आवश्यक वृद्धि की जाए।
उन्होंने कहा कि वर्तमान व्यवस्था के कारण डीजीएमएस ओवरमेन सर्टिफिकेट प्राप्त एवं पात्र कर्मचारियों को पदोन्नति का वास्तविक लाभ नहीं मिल पा रहा है, जबकि ओवरमेन ग्रेड-बी के सीमित स्वीकृत पदों के कारण वर्षों से पदोन्नति लंबित है और कर्मचारियों के कैरियर पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। संघ ने प्रबंधन से मांग की है कि पदोन्नति नीति की समीक्षा कर न्यायसंगत व्यवस्था लागू की जाए, ओवरमेन ग्रेड-बी के स्वीकृत पद बढ़ाए जाएं तथा लंबे समय से प्रतीक्षारत पात्र कर्मचारियों को शीघ्र पदोन्नति प्रदान की जाए।
