बालको वन परिक्षेत्र द्वारा वन महोत्सव कार्यक्रम आयोजित

कोरबा 02 अगस्त। वनमंडलाधिकारी कोरबा, श्रीमती प्रेमलता यादव के आदेशानुसार एवं उपवन मंडल अधिकारी उत्तर कोरबा रामसिंह राठिया के निर्देशन में वन परिक्षेत्र बालको द्वारा वन महोत्सव 2026 के अवसर पर विभिन्न जन-जागरूकता एवं पर्यावरण संरक्षण संबंधी कार्यक्रमों का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों, शिक्षकों, वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। इसके उपरांत बालको बस स्टैंड में रक्तदान शिविर एवं पौधा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर नागरिकों ने स्वैच्छिक रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया तथा बड़ी संख्या में पौधों का वितरण कर अधिक से अधिक वृक्ष लगाने हेतु प्रेरित किया गया। इसके पश्चात जागरूकता बाइक रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, अधिक से अधिक वृक्षारोपण तथा वन एवं वन्यजीवों के संरक्षण का संदेश आमजन तक पहुँचाया गया।
कार्यक्रम में वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ जनप्रतिनिधियों, विद्यालय परिवार, सामाजिक संगठनों तथा स्थानीय नागरिकों की सक्रिय सहभागिता रही। सभी उपस्थितजनों ने पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के निर्माण हेतु अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया। वन विभाग ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे पर्यावरण संरक्षण के इस जन अभियान में सहभागी बनकर अधिक से अधिक वृक्षारोपण करें तथा प्रकृति के संरक्षण में अपना सक्रिय योगदान दें।
