दो विद्यालयों में यातायात जागरूकता कार्यक्रम हुआ आयोजित, विद्यार्थियों ने जाने सड़क सुरक्षा के नियम

कोरबा 31 जुलाई। सडक दुर्घटनाओं में कमी लाने और विद्यार्थियों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बालकोनगर क्षेत्र के दो विद्यालयों में यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने छात्रों को सडक सुरक्षा के नियमों, ट्रैफिक संकेतों तथा सुरक्षित यातायात के महत्व की जानकारी दी।
कार्यक्रम के तहत बाल सदन स्कूल में लगभग 230 विद्यार्थियों तथा न्यू एरा स्कूल में करीब 1,330 विद्यार्थियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को सडक पार करने के सुरक्षित तरीके, हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, नाबालिगों द्वारा वाहन नहीं चलाने, मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए वाहन नहीं चलाने तथा तेज रफ्तार और लापरवाही से होने वाले हादसों के बारे में विस्तार से बताया।
यातायात डीएसपी ज्योत्सना चौधरी ने विद्यार्थियों से कहा कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। कार्यक्रम में एएसआई मनोज राठौर एवं एएसआई ईश्वर लहरे ने भी सडक सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर उपयोगी जानकारी दी और विद्यार्थियों के सवालों के जवाब दिए। यह जागरूकता अभियान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पतले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर तथा नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक नागरिक बनने का संकल्प भी दिलाया गया।
