कोरबा विशेष-संक्षिप्त समाचार

मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं जनजाति विद्यार्थी उत्कर्ष योजना अंतर्गत 14 जुलाई की काउंसलिंग निरस्त
कोरबा, 24 जुलाई 2026/ आयुक्त, आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास रायपुर द्वारा मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं जनजाति विद्यार्थी उत्कर्ष योजना (यथा संशोधित-2021) अंतर्गत शैक्षणिक सत्र 2026-27 में कक्षा 6वीं में प्रवेश हेतु जिले में 14 जुलाई 2026 को संपन्न काउंसलिंग की कार्यवाही को निरस्त कर दिया गया है।
सहायक आयुक्त, आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग ने बताया है कि काउंसलिंग की नई तिथि एवं आवश्यक दिशा-निर्देश पृथक से जारी किए जाएंगे। अभ्यर्थियों एवं उनके पालकों से अनुरोध किया गया है कि वे विभाग द्वारा जारी आगामी सूचना का इंतजार करें तथा नवीन तिथि के अनुसार काउंसलिंग प्रक्रिया में शामिल हों।
……………..
स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजन के संबंध में बैठक 28 जुलाई को
कोरबा 24 जुलाई 2026/ कोरबा जिले में 15 अगस्त 2026 स्वतंत्रता दिवस समारोह को गरिमा पूर्वक मनाये जाने तथा उक्त आयोजन के सफलतापूर्वक संचालन हेतु कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत के अध्यक्षता में जिला स्तरीय बैठक का आयोजन 28 जुलाई को दोपहर 12 बजे कलेक्टोरेट सभाकक्ष में रखा गया है। सर्व विभाग प्रमुखों को उक्त बैठक में उपस्थित होना सुनिश्चित करने कहा गया है।
………………..
481.3 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज
कोरबा 24 जुलाई 2026/ कोरबा जिले में एक जून से 24 जुलाई तक कुल 481.3 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई।
अधीक्षक भू-अभिलेख से मिली जानकारी के अनुसार उक्त अवधि में जिले की तहसील कोरबा में 499.3 मिलीमीटर, अजगरबहार 340.8, भैंसमा, 428.2, करतला 438.6, बरपाली 523.5, कटघोरा 485.7, दीपका 518.1, दर्री 598.6, पाली 517.4, हरदीबाजार 408, पोंड़ीउपरोड़ा 506, और पसान तहसील में 511.9 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
……………….
विभिन्न पुरस्कारों हेतु 05 अगस्त तक आवेदन आमंत्रित
कोरबा 24 जुलाई 2026/ छत्तीसगढ़ शासन,खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा खिलाड़ियों/प्रशिक्षकों/निर्णायकों को शहीद राजीव पाण्डेय पुरस्कार, शहीद कौशल यादव पुरस्कार, वीर हनुमान सिंह पुरस्कार, शहीद विनोद चौबे सम्मान, शहीद पंकज विक्रम सम्मान, मुख्यमंत्री ट्रॉफी पुरस्कार, राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक प्राप्त खिलाड़ियों तथा अन्य को नगद राशि पुरस्कार, खेल वृत्ति एवं खेल संघों को प्रेरणा निधि प्रदान करने हेतु निर्धारित प्रपत्र में आवेदन 05 अगस्त तक आमंत्रित किया गया है। आवेदन प्रारुप संचालनालय के विभागीय वेबसाईट डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डाट स्पोर्टसवाईडब्ल्यू डाट सीजी डाट जीओवी डाट इन पर देखे जा सकते हैं।
विस्तृत जानकारी हेतु आवेदक खेल एवं युवा कल्याण विभाग के जिला कार्यालय में कार्यालयीन अवधि में सम्पर्क कर सकते हैं।
………………..
नवोदय विद्यालय में कक्षा 6वीं प्रवेश हेतु 31 जुलाई तक आवेदन आमंत्रित
कोरबा 24 जुलाई 2026/ जवाहर नवोदय विद्यालय, सलोरा (कोरबा) ने शैक्षणिक सत्र 2027-28 में कक्षा 6वीं की 80 सीटों पर प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं।
वर्तमान शैक्षणिक सत्र 2026-27 में कोरबा जिले के मान्यता प्राप्त शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में कक्षा 5वीं में अध्ययनरत छात्र-छात्राएं प्रवेश परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया तथा पात्रता संबंधी विस्तृत जानकारी जवाहर नवोदय विद्यालय एवं नवोदय विद्यालय समिति की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। इच्छुक अभ्यर्थी नवोदय विद्यालय समिति के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।
