रायपुर में भाजपा के राजीव भवन घेराव के दौरान बवाल, SI समेत 16 पुलिसकर्मी घायल

भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ताओं के टकराव के बीच धक्का-मुक्की, वाटर कैनन और आंसू गैस का इस्तेमाल
रायपुर। राजधानी रायपुर में भाजपा द्वारा कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन के घेराव के दौरान प्रदर्शन हिंसक हो गया। भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के आमने-सामने आने से मौके पर धक्का-मुक्की और अफरा-तफरी मच गई। स्थिति को नियंत्रित करने के दौरान एक सब-इंस्पेक्टर सहित करीब 16 पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायलों के सिर, हाथ और पैरों में चोटें आई हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला रामकृष्णा केयर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने भर्ती पुलिस जवानों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और चिकित्सकों से इलाज की जानकारी ली। पुलिस कमिश्नर ने घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश देते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
घायल जवान कलेश्वर वर्मा ने बताया कि बैरिकेडिंग के दौरान भीड़ के दबाव में फंसने से उन्हें सांस लेने में दिक्कत हुई, जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया। वहीं प्रशिक्षु उप निरीक्षक देवराज सिंह के सिर पर बोतल लगने से गंभीर चोट आई है। उनका इलाज डॉक्टरों की निगरानी में जारी है। अन्य घायल पुलिसकर्मियों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।दरअसल, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री आवास घेराव के विरोध में भाजपा ने रायपुर में कांग्रेस मुख्यालय का घेराव किया था। प्रदर्शन में कई कैबिनेट मंत्री भी शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए, जिससे तनाव बढ़ गया। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और आंसू गैस के गोले भी छोड़े। फिलहाल पूरे क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
