पिछले वर्ष के मुकाबले अब तक 53.72 एमएम बारिश कम

कोरबा 22 जुलाई। कोरबा जिले में अभी भी बारिश की रफ्तार औसत के करीब नहीं पहुंच पाई है। पिछले वर्ष 1 जून से 22 जुलाई तक की स्थिति में 521.85 मिलीमीटर बारिश हुई थी जबकि यह आंकड़ा इस वर्ष केवल 468.09 मिली मीटर है। बारिश की स्थिति बीते वर्ष की तुलना में 53.72 मिलीमीटर कम है।
कृषि उपसंचालक के द्वारा यह जानकारी आगे भेजी गई है। इसमें तुलनात्मक रूप से कोरबा जिले की सभी तहसीलों की अब तक की बारिश की स्थिति का ब्योरा दिया गया। बताया गया कि पिछले वर्ष इसी अवधि में दरी तहसील में सबसे ज्यादा बारिश दर्ज हुई थी जिसका आंकड़ा 580.019 मिलीमीटर था। इस बार भी इसी तहसील में 704 मिली मीटर बारिश हुई है। जबकि सबसे कम बारिश अभी की स्थिति में अजगर बहार तहसील में हुई है जहां पर केवल 332.8 मिलीमीटर बारिश हुई। याद रहे, पिछले वर्ष हरदी बाजार तहसील में 1 जून से 22 जुलाई की स्थिति में 316.52 मिलीमीटर बारिश हुई थी।
उपसंचालक कृषि देवेन्द्र पाल सिंह ने बताया कि जिले में सामान्य मौसम की स्थिति में 1100 मिलीमीटर से अधिक बारिश होने का रिकॉर्ड रहा है। इस आधार पर कहा जा सकता है कि संपूर्ण वर्षा काल में बेहतर बारिश हो सकती है। मौसम के सिस्टम की काफी भूमिका इस मामले में होती है और वर्षा चक्र के हिसाब से कृषि उत्पादन का निर्धारण होता है। कोरबा जिले में मुख्य रूप से खरीफ सीजन के अंतर्गत धान की फसल बड़े रकबे में किसान ले रहे हैं। धान की फसल के लिए अधिक पानी की आवश्यकता होती है और इसलिए भी हर कोई अधिक बारिश की कामना करता है।
