श्रीमद्भागवत कथा के पांचवें दिन उमड़ा आस्था का सैलाब, मंत्री लखन लाल देवांगन ने किया कथा का रस पान

कोरबा 21 जुलाई। सीतामणी चौक में कर्ष परिवार के तत्वावधान में आयोजित संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा महापुराण के पांचवें दिन का आयोजन अत्यंत भव्य, भक्तिमय और श्रद्धा से ओतप्रोत रहा। कथा स्थल पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं।

कथा के पांचवें दिन छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य एवं उद्योग तथा श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन विशेष रूप से कथा स्थल पहुंचे। उन्होंने व्यासपीठ पर विराजमान परम पूज्य तारेंद्र कृष्ण महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया तथा श्रद्धापूर्वक श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण किया।

इस अवसर पर मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन केवल धर्म का प्रचार-प्रसार ही नहीं करते, बल्कि नई पीढ़ी में भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और उत्तम संस्कारों का बीजारोपण भी करते हैं। उन्होंने कहा कि समाज में एकता, सद्भाव और सकारात्मक वातावरण के निर्माण में श्रीमद्भागवत कथा जैसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। सत्य, धर्म और भक्ति के मार्ग पर चलकर ही मानव जीवन को सार्थक बनाया जा सकता है।

कार्यक्रम में शहर की महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने अपने मधुर स्वर में राधे-राधे चले आएंगे बिहारी भजन प्रस्तुत किया, जिस पर श्रद्धालु भक्ति भाव में झूम उठे और पूरा कथा पंडाल राधे-राधे के जयघोष से गूंज उठा। कथा के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालु अनंत भक्ति भाव में सराबोर होकर कथा का रसपान करते रहे और अंत में ष्जय श्रीकृष्णष् के उद्घोष से पूरा परिसर गुंजायमान हो उठा। कार्यक्रम समिति एवं कर्ष परिवार के सदस्यों ने मंत्री लखन लाल देवांगन सहित सभी अतिथियों का आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया।

Spread the word