बड़ी संख्या में अमान्य हुए राशन कार्ड, खाद्यान्न का रास्ता बंद होने से महिलाएं परेशान

पीडितों ने कलेक्टोरेट पहुंचकर जनदर्शन में शिकायत की

कोरबा 20 जुलाई। ढनढनी गांव में सरकार की खाद्यान्न योजना के लाभ से अनेक लोग वंचित हो गए है। अलग-अलग कारण से उनके राशन कार्ड निरस्त कर दिए गए। सोसायटी दुकान संचालक ने ऐसे लोगों को चलता कर दिया। आज इन लोगों ने कलेक्टोरेट पहुंचकर जनदर्शन में शिकायत की और समाधान की मांग की।

ढनढनी से पहुंची महिलाओं ने बताया कि उनके यहां 60 से ज्यादा कार्डधारकों के मामले में इस तरह की समस्या है। वे लंबे समय से सरकार की खाद्यान्न योजना सहायता का लाभ प्राप्त करते रहे। पिछले दिनों किसी की शिकायत और सत्यापन के अभाव में अंतिम रूप से उनके कार्ड को रद्द कर दिया गया। इस स्थिति में उन्हें राशन कार्ड पर मिलने वाली बेहतर सुविधा बंद कर दी गई। इस बार कार्ड धारक महिलाएं गांव की सोसायटी पहुंची तो उन्हें बताया कि अब राशन देना मुश्किल होगा। पिछले दो महीने से संचालक अपनी जोखिम पर यह सुविधा दे रहा था। लेकिन राशन कार्डो के रद्द होने और उनके पुनर्जीवित होने की कोई गुंजाईश न होने से सुविधा बंद कर दी गई।

महिलाओं ने हर स्तर पर अपनी समस्या को निराकृत करने का प्रयास किया लेकिन कोई बात नहीं बनी। आज उन्होंने कलेक्टर के जनदर्शन में यह समस्या बतायी। ढनढनी गांव के कई लोगों ने इस बारे में आवेदन दिए। लोग चाहते है कि यह मामला व्यापक हित से जुड़ा हुआ है, इसलिए बेहतर जांच पड़ताल तथा मानवीय आधार पर इसका समाधान किया जाए और सुविधा का बहाल किया जाए।

कलेक्टर ने लोगों की बात गंभीरता से सुनी। बताया गया कि जनदर्शन में सरकारी जमीन पर अतिक्रमण के साथ-साथ बिजली समस्या, नामांतरण में परेशानी, कुछ स्कूलों में शिक्षकों की कमी के अतिरिक्त अन्य सामान्य मसलें के आवेदन आये। प्रशासन ने प्राथमिकता के साथ इनका निराकरण कराने का आश्वासन दिया। इससे पहले भी जनदर्शन के आवेदनों को लेकर प्रशासन का रूख सकारात्मक रहा है और लोगों को इससे राहत मिली।

Spread the word