बड़ी कामयाबी: राज ज्वेलर्स लूटकांड का मुख्य सरगना विष्णु राठिया कर्नाटक बॉर्डर से गिरफ्तार, महिला के भेष में आया था लूटने

कोरबा, 18 जुलाई । क्षेत्र के चर्चित राज ज्वेलर्स लूटकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस मामले के मास्टरमाइंड को कर्नाटक बॉर्डर से गिरफ्तार किया गया। आरोपी विष्णु राठिया ने महिला बनकर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। बता दें कि इस मामले में दो आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
जानकारी के मुताबिक, सरगना विष्णु राठिया कर्नाटक बॉर्डर के हिन्दूपुरम इंडस्ट्रियल एरिया में बतौर मजदूर का काम कर रहा था। मुखबिर की सूचना पर कोरबा पुलिस की विशेष टीम कर्नाटक पंहुची और आरोपी को धरदबोचा। इस मामले में दो आरोपी गोपाल सिंह और परदेशी राम पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं। बता दें कि एक जुलाई को छुरीकला के राज ज्वेलर्स में कट्टा अड़ाकर और मिर्ची पाउडर डालकर लूट की वारदात को अंजाम दिया गया था। प्रार्थी राजकुमार अग्रवाल ने एक जुलाई को ही थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि दोपहर करीब एक बजे वह अपनी राज ज्वेलर्स दुकान में अकेले थे। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल से तीन लोग ग्राहक बनकर पहुंचे। तीनों ने गमछे से चेहरा ढंक रखा था, जिसमें एक महिला के भेष में था।
आरोपियों ने चांदी की अंगूठी दिखाने के बहाने दुकानदार को काउंटर तक बुलाया। एक आरोपी ने दरवाजा बंद कर दिया और दूसरे ने देसी कट्टा छाती पर अड़ा दिया। तीसरे ने आंखों में मिर्च पाउडर डालने का प्रयास किया और बैग में आभूषण भरने लगी। बाहर भीड़ जमा होने से घबराकर तीनों देसी कट्टा और चोरी की मोटरसाइकिल छोड़कर भाग निकले।
