कोयला श्रमिक संघ सीटूः गेवरा क्षेत्र द्वारा पारिवारिक स्नेह मिलन समारोह आयोजित

कोरबा 18 जुलाई। कोयला खदानों की व्यस्त दिनचर्या से कुछ पल निकालकर श्रमिकों और उनके परिवारों ने रविवार को अपनापन और सौहार्द के बीच समय बिताया। कोयला श्रमिक संघ सीटू, गेवरा क्षेत्र द्वारा आयोजित पारिवारिक स्नेह मिलन समारोह में सैकड़ों श्रमिक अपने परिवारों के साथ शामिल हुए। आयोजन का उद्देश्य श्रमिक परिवारों के बीच आपसी परिचय, संवाद और रिश्तों को मजबूत बनाना रहा।
समारोह में पुरुषों के लिए क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित की गई, जबकि महिलाओं और बच्चों के लिए सांस्कृतिक एवं मनोरंजक प्रतियोगिताएं आकर्षण का केंद्र रहीं। प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। बच्चों की प्रस्तुतियों और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी ने आयोजन को पारिवारिक उत्सव का स्वरूप दे दिया।
स्नेह मिलन के दौरान श्रमिक परिवारों ने एक-दूसरे से परिचय किया और आत्मीय माहौल में समय बिताया। आयोजन ने यह संदेश दिया कि कार्यस्थल की एकजुटता तभी मजबूत होती है, जब परिवार भी आपसी रिश्तों से जुड़े हों। कार्यक्रम के अंत में क्रिकेट और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। आयोजन क्षेत्रीय अध्यक्ष कामरेड अजय प्रताप सिंह, क्षेत्रीय सचिव कामरेड जनाराम कर्स तथा ब्रांच अध्यक्ष कामरेड नीलांबर शर्मा के नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का संचालन कामरेड संतोष मिश्रा ने किया। पूरे आयोजन में श्रमिक परिवारों का उत्साह देखते ही बनता था।
