कोरबा, 17 जुलाई। पवित्र श्रावण मास के आगमन को लेकर कोरबा नगर, उपनगरीय क्षेत्र और आसपास के अंचलों के प्रमुख शिवालयों में तैयारियां प्रारंभ हो गई हैं। श्रावण मास में भगवान शिव की विशेष पूजा-अर्चना और जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिरों में पहुंचते हैं। इसे देखते हुए मंदिर प्रबंधन समितियां व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुट गई हैं।

कोरबा जिले के ऐतिहासिक पाली शिव मंदिर में हर वर्ष की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसके अलावा कनकेश्वर महादेव मंदिर, नरसिंह गंगा शिवालय, त्रिलोकीनाथ मंदिर, सर्वमंगला मंदिर परिसर स्थित शिवालय, मृत्युंजय मंदिर नगर निगम कॉलोनी, कपिलेश्वर महादेव मंदिर आरएसएस नगर, शिव मंदिर सुभाष ब्लॉक, चकचकवा पहाड़ी कटघोरा तथा कोरकोमा स्थित शंकर खोला शिव मंदिर में भी श्रावण मास के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। श्रावण मास शुरू होने में अभी लगभग एक पखवाड़े का समय शेष है। इसे देखते हुए विभिन्न मंदिरों में साफ-सफाई, रंग-रोगन, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पूजा सामग्री तथा श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े अन्य आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं।

मंदिर प्रबंधन समितियां प्रशासन के सहयोग से श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने में लगी हुई हैं। श्रावण मास में विशेष रूप से सोमवार के दिन भगवान शिव के जलाभिषेक और रुद्राभिषेक के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगती हैं।इस बार भी बड़ी संख्या में शिवभक्तों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सभी प्रमुख शिवालयों में व्यापक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

Spread the word