कलयुगी पिता ने 7 साल की मासूम बेटी से किया दुष्कर्म, मामले को दबाने वाला ASI भाई भी संदेह के घेरे में: आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से रिश्तों को तार-तार कर देने वाली एक बेहद संवेदनशील और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ स्मृति नगर चौकी क्षेत्र में एक कलयुगी पिता ने अपनी ही 7 वर्षीय मासूम बेटी के साथ दुष्कर्म जैसी घिनौनी वारदात को अंजाम दिया है। मामले में चौंकाने वाला खुलासा यह भी हुआ है कि आरोपी के सगे भाई (जो पुलिस विभाग में एएसआई है) ने पहली बार वारदात होने पर मामले को रफा-दफा कर अपने भाई को बचा लिया था।
जब आरोपी ने दोबारा मासूम के साथ घिनौनी हरकत की, तब हिम्मत जुटाकर पीड़ित बच्ची की मां ने 15 जुलाई को थाने में खुद एफआईआर (FIR) दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर गुरुवार को जेल भेज दिया है।
पहली वारदात के बाद एएसआई देवर ने दबाया था मामला
जानकारी के अनुसार, आरोपी पिता ने पहली बार मार्च महीने में अपनी मासूम बेटी के साथ गलत हरकत की थी। डरी-सहमी बच्ची ने तुरंत अपनी मां को आपबीती सुनाई। मां ने इस घिनौनी करतूत की जानकारी सबसे पहले अपने देवर को दी, जो पुलिस में सहायक उपनिरीक्षक (ASI) के पद पर तैनात है। लेकिन न्याय दिलाने के बजाय एएसआई ने अपने भाई का बचाव करते हुए पारिवारिक दबाव बनाकर मामले को शांत करा दिया और दबा दिया।
मां ने बताया कि इस खौफनाक वारदात के बाद से मासूम बच्ची गहरे सदमे में थी। वह जब भी अपने पिता को देखती, तो डर के मारे अपनी मां से लिपटकर जोर-जोर से रोने लगती थी।
