नशे में धुत बाराती बस चालक ने दुकानों में घुसाई बस, कई गुमठियां क्षतिग्रस्त, चालक गिरफ्तार

कोरबा 13 जुलाई। कोरबा जिले के दर्री थाना क्षेत्र में शनिवार रात शराब के नशे में धुत एक बाराती बस चालक ने तेज रफ्तार में बस चलाते हुए सड़क किनारे बनी गुमठीनुमा दुकानों में बस घुसा दी। हादसे में कई दुकानों को नुकसान पहुंचा। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर बस जब्त कर ली है।

पुलिस के अनुसार, बस एक बारात लेकर जा रही थी। आरोप है कि चालक नर्मदा दास, निवासी बरबसपुर, पोड़ी उपरोड़ा, शराब के नशे में बस चला रहा था। बस में सवार बारातियों ने रास्ते में कई बार चालक को समझाने और वाहन रोकने की कोशिश की, लेकिन उसने किसी की बात नहीं मानी। बताया गया कि कमलीडुग्गू के पास सभी बाराती बस से उतर गए। इसके कुछ ही देर बाद चालक ने बस से नियंत्रण खो दिया और सड़क किनारे बनी गुमठीनुमा दुकानों में जा घुसा। टक्कर इतनी तेज थी कि कई दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं। हालांकि घटना के समय दुकानें बंद थीं, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई और बड़ा हादसा टल गया।

टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। चालक के शराब के नशे में होने की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों और बारातियों ने उसे पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। इस दौरान बस के शीशे भी टूट गए। सूचना मिलते ही दर्री थाना पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ से चालक को सुरक्षित निकालकर गिरफ्तार कर लिया। दुर्घटनाग्रस्त बस सीजी 10 बीवाए 9200 को भी जब्त कर थाने लाया गया।

पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ शराब के नशे में वाहन चलाने, लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाकर दुर्घटना करने सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है।

Spread the word