पानी में डूबकर बच्ची की मौत

कोरबा 11 जुलाई। सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 37 रामपुर बस्ती में पानी में डूबने से ढाई वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। बच्ची का शव ढ़ेंगुरनाला में मिलने से क्षेत्र में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार मृतिका के पिता का नाम दिनेश बरेठ है। बताया जा रहा है कि दिनेश और उसकी पत्नी लालघाट गए थे। साथ में उनकी ढाई वर्षीय बेटी भी थी। वापस आते समय नाला पार करते समय बच्ची तेज बहाव में बह गई। उन्होंने बच्ची की काफी खोजबीन की, लेकिन पता नहीं चला। देर शाम स्थानीय लोगों ने ढ़ेंगुरनाला में बच्ची का शव देखा और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में डूबने से मौत होना बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मासूम की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Spread the word