प्रार्थना सभा को लेकर बवाल, धर्मांतरण के आरोप पर हिंदू संगठनों का विरोध, पुलिस जांच में जुटी

बिलासपुर। शहर के तारबाहर थाना क्षेत्र में आयोजित एक प्रार्थना सभा को लेकर सोमवार को विवाद खड़ा हो गया। लायंस क्लब भवन के पास आयोजित कार्यक्रम पर हिंदू संगठनों ने कथित धर्मांतरण का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आरोप है कि प्रार्थना सभा की आड़ में भोले-भाले हिंदू परिवारों, महिलाओं और बच्चों को विभिन्न प्रकार के प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जा रहा था। उनका कहना है कि लोगों को बीमारी ठीक होने, बच्चों का स्कूल में प्रवेश दिलाने, नशे की लत छुड़ाने और अन्य समस्याओं के समाधान का भरोसा देकर धर्मांतरण का प्रयास किया जा रहा था।
हिंदू संगठनों ने इसे सुनियोजित धर्मांतरण का मामला बताते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। विरोध की सूचना मिलने के बाद तारबाहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। प्रार्थना सभा में मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा कार्यक्रम से जुड़े सभी तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद उपलब्ध साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
