कटघोरा को जिला बनाने फिर पकड़ा जोरः अधिवक्ता संघ ने बनाई रणनीति, 6 को निकलेगी बाइक रैली

कोरबा 01 जुलाई। कटघोरा को नया जिला घोषित करने की दशकों पुरानी मांग एक बार फिर सुलग उठी है। स्थानीय अधिवक्ता संघ ने इस मुहिम को अंजाम तक पहुँचाने के लिए कमर कस ली है। इसी सिलसिले में अधिवक्ता कक्ष क्रमांक-01 में एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई, जिसमें कटघोरा को जिला बनाने के औचित्य पर गहन मंथन हुआ और आंदोलन की नई रूपरेखा तैयार की गई।
सर्वसम्मति से बड़े फैसले
बैठक में मौजूद वरिष्ठ और कनिष्ठ अधिवक्ताओं ने एक सुर में कहा कि कटघोरा जिला बनने के सभी जरूरी मापदंडों को पूरा करता है। शासन-प्रशासन के कानों तक जनता की आवाज पहुँचाने के लिए संघ ने निम्नलिखित रणनीति बनाई हैः
6 जुलाई (सोमवार) को महा-आंदोलनः पूरे कटघोरा शहर में एक वृहद बाइक रैली निकाली जाएगी।
एसडीएम को ज्ञापनः शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरने के बाद यह रैली एसडीएम कार्यालय पहुँचेगी, जहाँ मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।
जन-आंदोलन बनाने की तैयारीः इस शक्ति प्रदर्शन के बाद क्षेत्र के सभी सामाजिक, व्यापारिक और जन संगठनों को एक मंच पर लाने के लिए बैठक की जाएगी। कटघोरा को जिला बनाना यहाँ की जनता का हक है। 6 जुलाई की बाइक रैली तो बस एक शुरुआत है। आगे चलकर सभी संगठनों के सहयोग से इसे एक बड़ा ” जन-आंदोलन बनाया जाएगा।” – अधिवक्ता संघ, कटघोरा।
