तलाकशुदा पत्नी से मिलने घर पहुंचा पूर्व पतिः नकली ‘पिस्टल’ दिखाकर थप्पड़ मार किया हंगामा, मामा समेत पहुंचा हवालात

कोरबा 28 जून। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में तलाक के बाद भी पूर्व पत्नी का पीछा करने और उसे धमकाने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित हंड्रेड बेड कॉलोनी में आरोपी युवक अपनी पूर्व पत्नी के घर पहुंचा, विवाद किया, थप्पड़ मारा और एयर गन को असली पिस्टल बताकर डराने का प्रयास किया। महिला की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति और उसके मामा को गिरफ्तार कर लिया।
नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) प्रतीक चतुर्वेदी के मुताबिक, बिलासपुर निवासी सतीश कश्यप और पीड़िता ने करीब एक वर्ष पहले प्रेम विवाह किया था। हालांकि, वैवाहिक जीवन में विवाद बढ़ने के बाद दोनों ने अदालत के माध्यम से कानूनी तौर पर तलाक ले लिया था। पुलिस के अनुसार, तलाक के बाद भी आरोपी लगातार पूर्व पत्नी से मिलने और विवाद करने उसके घर पहुंचता रहा।
पीड़िता चिकित्सा विभाग में कार्यरत है और अपने पिता के साथ हंड्रेड बेड कॉलोनी में रहती है। महिला के पिता ने बताया कि कुछ दिन पहले आरोपी अपनी मां और मामा के साथ आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने घर आया था। बाद में सभी वहां से चले गए, लेकिन सतीश दोबारा घर पहुंच गया। उस समय महिला खुद को कमरे में बंद किए हुए थी। आरोपी उससे मिलने की जिद करता रहा। जब महिला बाहर आई तो उसने कथित तौर पर उसे थप्पड़ मार दिया, जिससे विवाद बढ़ गया।
विवाद के दौरान आरोपी ने अपने पास मौजूद एयर गन निकालकर उसे असली पिस्टल बताया और महिला को डराने-धमकाने लगा। महिला ने तुरंत सिविल लाइन थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने जानबूझकर एयर गन को वास्तविक हथियार की तरह दिखाकर भय का माहौल बनाने की कोशिश की थी।
पुलिस ने मुख्य आरोपी सतीश कश्यप को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के दौरान उसके साथ मौजूद मामा की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई। सहयोग और उकसाने के आरोप में उसे भी हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया गया है। सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ मारपीट, धमकी देने और भय उत्पन्न करने से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
