पत्नी से मारपीट व मानसिक प्रताडना देकर पति ने किया दूसरा विवाह

कोरबा 27 जून। बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत एक महिला ने अपने पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए महिला थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने इस पर संज्ञान दिया है और आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही है। .
जंगल साइड बांकीमोंगरा निवासी शिवानी उर्फ शिवकुमारी (38 वर्ष) ने बताया कि उसका विवाह लगभग 12 वर्ष पूर्व शिव कुमार चौहान, निवासी रामपुर कटघोरा के साथ हुआ था। विवाह के बाद से ही पति द्वारा आए दिन छोटी-छोटी बातों पर गाली-गलौज, मारपीट एवं मानसिक प्रताडना की जाती रही है। साथ ही घर में विवाद कर सामान फेंकने और कई बार घर से निकाल देने जैसी घटनाएँ भी होने का आरोप लगाया गया है। पीडिता ने यह भी बताया कि उसकी 9 वर्षीय पुत्री है, जिसका संपूर्ण पालन-पोषण और शिक्षा का खर्च वह स्वयं वहन कर रही है, जबकि पति द्वारा किसी प्रकार की आर्थिक सहायता नहीं दी जाती।
महिला ने कहा कि 02 मई 2026 को उसके पति द्वारा उसकी बिना जानकारी एवं सहमति के दूसरी महिला से कोर्ट मैरिज कर उसे घर लाया गया, जिससे वह मानसिक रूप से अत्यंत परेशान है। पीडिता ने थाना प्रभारी से मामले में उचित जांच कर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की मांग की है। पुलिस द्वारा शिकायत के आधार पर जांच की प्रक्रिया प्रारंभ किए जाने की बात कही जा रही है।
