बसंतपुर में संकुल स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव आयोजित

निःशुल्क पाठ्य-पुस्तकों व गणवेश का हुआ वितरण

कोरबा 27 जून। विकासखंड के संकुल डोंगरी अंतर्गत पीएमश्री प्राथमिक विद्यालय बसंतपुर में शनिवार को संकुल स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। पीएमश्री प्राथमिक विद्यालय बसंतपुर के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत एवं आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से स्वागत किया।

मुख्य अतिथि ग्राम पंचायत राल की सरपंच श्रीमती लक्ष्मीन कंवर, विकासखंड शिक्षा अधिकारी अभिमन्यु टेकाम, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी हरिकृष्ण नायक शामिल हुए। संकुल डोंगरी के सभी प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानपाठकों की भी उपस्थिति रही। इस दौरान नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर एवं मुँह मीठा कर स्वागत किया गया।

विद्यार्थियों को राज्य शासन की योजना के तहत निःशुल्क पाठ्य-पुस्तकों और गणवेश का वितरण किया गया। प्रबंधन समिति की ओर से भोज का भी आयोजन किया गया। इस अवसर पर बच्चों के सर्वांगीण विकास का संकल्प दोहराते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। आयोजन में प्रधानपाठक श्रीमती जमुना मरकाम एवं संकुल शैक्षिक समन्वयक लक्ष्मी शरण कोसले की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मंच संचालन शिक्षक ललित यादव ने किया।

Spread the word