हेयर विग लगाने और हकलाने की वजह से केतन को पसंद नहीं करती थी सिया

मुंबई। पुणे के कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी सिया गोयल बार-बार अपने बयान बदल रही है। जांच अधिकारियों के अनुसार, सिया ने अब कहा है कि वह हेयर विग लगाने और हकलाने की वजह से केतन को पसंद नहीं करती थी। उसने केतन से कहा था कि वह उनसे शादी नहीं करना चाहती, लेकिन केतन ने कहा कि अब शादी रद्द करने में बहुत देर हो चुकी है। पुलिस का कहना है कि दोनों के फोन से बरामद चैट इस दावे की पुष्टि नहीं करते। चैट के मुताबिक, दोनों के बीच स्नेहपूर्ण मेसेज हो रहे थे।
इस बीच, केतन के पिता ने शुक्रवार को कहा कि हमने सिया के परिवार को पहले ही बता दिया था कि केतन सिर पर बाल कम होने की वजह से एक छोटा सा विग पैच इस्तेमाल करता है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, ‘क्या किसी की हत्या करने की यह कोई वजह हो सकती है?’ वहीं, सिया की मां पूजा गोयल ने कहा कि इस मौत से दो परिवार तबाह हुए हैं। अगर मेरी बेटी दोषी है तो उसे कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उसे भी उसी किले से नीचे फेंक दिया जाए।
640 मिनट ऑफलाइन रहा आरोपी चेतन
जांच में पता चला है कि सिया का प्रेमी चेतन चौधरी घटना वाले दिन करीब 640 मिनट (10 घंटे 40 मिनट) तक जानबूझकर ऑनलाइन नहीं रहा। उसने 18 जून की सुबह करीब 7 बजे फोन का इंटरनेट बंद कर दिया था और शाम 5:40 बजे तक वह डिजिटल नेटवर्क से पूरी तरह गायब रहा।
केस फास्ट-ट्रैक कोर्ट में चलेगा
केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने शुक्रवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की। फडणवीस ने भरोसा दिलाया कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। परिवार की मांग पर मुख्यमंत्री ने फास्ट-ट्रैक कोर्ट गठित करने और वरिष्ठ अधिवक्ता उज्ज्वल निकम को विशेष लोक अभियोजक नियुक्त करने के प्रस्ताव को तुरंत मंजूरी दे दी।
