सक्ती में युवती की गोली मारकर हत्या, पुलिस ने दर्ज किया अपराध

सक्ती 26 जून 2026। छत्तीसगढ़ में लगातार सामने आ रही हत्या और हिंसा की घटनाओं के बीच शुक्रवार को सक्ती जिले में दिनदहाड़े एक युवती की गोली मारकर हत्या कर दी गई। ग्राम जोंगरा में 25 वर्षीय पूर्णिमा चौहान पर अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग करने के बाद फरार हो गये। इस घटना में गंभीर रूप से घायल युवती को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस वारदात के बाद एक बार फिर प्रदेश में कानून-व्यवस्था और बढ़ते अपराधों को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं।

जानकारी के मुताबिक हत्या की ये वारदात सक्ती जिले के ग्राम जोंगरा में घटित हुई है। बताया जा रहा है कि घटना के समय पूर्णिमा चौहान अपनी मां के साथ मौजूद थी। तभी दो अज्ञात युवक वहां पहुंचे और उस पर लगातार गोलियां चला दीं। गोलीबारी की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। सूचना मिलते ही डायल-112 और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।

घायल युवती को तत्काल चिंताजनक हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार केे दौरान उसकी मौत हो गयी।  घटना की सूचना मिलते ही सक्ती पुलिस के सीनियर अधिकारी और फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।

प्रारंभिक जांच में व्यक्तिगत रंजिश, पारिवारिक विवाद और अन्य संभावित कारणों सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। इस घटना के बाद प्रदेश में बढ़ते अपराधों को लेकर राजनीतिक बहस भी तेज होने की संभावना है। हाल के दिनों में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य में लगातार सामने आ रही हत्या, लूट और अन्य आपराधिक घटनाओं का हवाला देते हुए प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए थे।

उन्होंने आरोप लगाया था कि राज्य में अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं और सरकार कानून-व्यवस्था बनाए रखने में विफल साबित हो रही है।  हालांकि राज्य सरकार का कहना है कि अपराध की हर घटना में त्वरित कार्रवाई की जा रही है और दोषियों को कानून के दायरे में लाने के लिए पुलिस को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल सक्ती की इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है। पुलिस का दावा है कि तकनीकी साक्ष्यों और जांच के आधार पर आरोपियों की जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

Spread the word