अरसे बाद भी समस्याग्रस्त कृषि महाविद्यालयः अभाविप ने सौंपा ज्ञापन, आंदोलन की चेतावनी दी

कोरबा 23 जून। कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, कटघोरा में अध्ययनरत विद्यार्थियों के सामने कई प्रकार की समस्याएं हैं। अरसे बाद भी समस्याएं हल नहीं की गई। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने इस बारे में कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। कहा गया कि नतीजे नहीं आने पर आंदोलन होगा।

इन्हीं समस्याओं को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) की कोरबा इकाई ने सोमवार को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर विद्यार्थियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की। परिषद के पदाधिकारियों ने कहा कि महाविद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राएं आज भी कई आवश्यक सुविधाओं से वंचित हैं, जिससे उनकी पढ़ाई और दैनिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। अभाविप के कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन के माध्यम से महाविद्यालय के विकास कार्यों और विभिन्न मदों में स्वीकृत राशि के उपयोग में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई। उनका कहना है कि विद्यार्थियों के बीच इस बात को लेकर गंभीर चिंताएं हैं कि विकास कार्यों और उपलब्ध निधियों का समुचित उपयोग हो रहा है या नहीं। ऐसे में प्रशासन को सभी कार्यों में पारदर्शिता बरतते हुए विद्यार्थिों के हितों को प्राथमिकता देनी चाहिए। आरोप है कि जब वे अपनी समस्याओं को प्रशासन के समक्ष रखते हैं, तो उनकी बातों को गंभीरता से सुनने के बजाय उनके साथ अनुचित व्यवहार किया जाता है।

अभाविप ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में महाविद्यालय प्रशासन की लापरवाही या उदासीनता के कारण परेशानी होती है तो विद्यार्थी परिषद आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान अभाविप के जिला संयोजक गोविंद पटेल, जिला संगठन मंत्री प्रदीप साहू, गिरधर गोपाल, पार्थिव, लोकेन्द्र, अनिक, चांदनी, आंचल, आरती एवं खुशबू उपस्थित रहे।

Spread the word